मन की बात- मोटापा देश के लिए बड़ी चुनौती, PM मोदी ने खान-पान और फिटनेस को लेकर किया सतर्क

मन की बात- मोटापा देश के लिए बड़ी चुनौती, PM मोदी ने खान-पान और फिटनेस को लेकर किया सतर्क

प्रेषित समय :14:41:47 PM / Sun, Nov 29th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 140वें एपिसोड में देशवासियों से सेहत और फिटनेस को लेकर सजग रहने की अपील की. उन्होंने कहा कि मोटापा देश के लिए एक बड़ी चुनौती बनता जा रहा है. बढ़ता मोटापा कई तरह की बीमारियों को जन्म देता है, इसलिए खान-पान और नियमित व्यायाम पर विशेष ध्यान देना जरूरी है.

प्रधानमंत्री ने लोगों को खाने में तेल का इस्तेमाल 10 प्रतिशत तक कम करने की अपनी पहले की अपील भी याद दिलाई. उन्होंने कहा कि बदलते मौसम और सर्दियों की शुरुआत के बीच लोगों को अपनी फिटनेस का खास ख्याल रखना चाहिए. फिट इंडिया मूवमेंट को पूरे उत्साह के साथ आगे बढ़ाने की जरूरत है.

‘संडे ऑन साइकिल’ ने पूरे किए 100 संस्करण

पीएम मोदी ने फिट इंडिया मूवमेंट के तहत शुरू की गई ‘संडे ऑन साइकिल’ पहल की सफलता का जिक्र किया. उन्होंने बताया कि दिसंबर 2024 में शुरू हुई इस पहल के 100 संस्करण पूरे हो चुके हैं. अब तक 30 हजार से अधिक स्थानों पर करीब 37 लाख लोग इससे जुड़ चुके हैं. उन्होंने कहा कि साइकिलिंग फिटनेस और व्यायाम का बेहतरीन माध्यम है. लोगों को इसे अपनी नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए.

पुणे में होगी 2032 की रोड वर्ल्ड चैंपियनशिप

प्रधानमंत्री ने खेलों में भारत की बढ़ती उपलब्धियों का भी उल्लेख किया. उन्होंने बताया कि पुणे में वर्ष 2032 की यूसीआई रोड वर्ल्ड चैंपियनशिप आयोजित होगी. इसके अलावा भारतीय फुटबॉल टीम के 10वीं बार एसएएफएफ चैंपियनशिप जीतने पर खिलाड़ियों को बधाई दी. बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि लक्ष्य सेन ने जर्मनी और जापान में सुपर 500 खिताब जीते हैं. वहीं, पीवी सिंधु ने हाइलो ओपन जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है.

खेलो इंडिया यूथ गेम्स का भी किया जिक्र

पीएम मोदी ने आगामी 8वें खेलो इंडिया यूथ गेम्स का जिक्र करते हुए बताया कि 11 से 22 दिसंबर तक तेलंगाना के छह शहरों में इसका आयोजन होगा. उन्होंने युवा खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेलते रहिए और खिलते रहिए. प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में एक बार फिर देशवासियों से अपील की कि वे शारीरिक गतिविधियों को जीवनशैली का हिस्सा बनाएं और खान-पान में जरूरी बदलाव करें. उन्होंने स्पष्ट किया कि मोटापे की चुनौती को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-