एशिया की तीसरी सबसे ताकतवर शक्ति बना भारत, प्रभावशाली नेताओं में PM मोदी दूसरे स्थान पर

एशिया की तीसरी सबसे ताकतवर शक्ति बना भारत, प्रभावशाली नेताओं में PM मोदी दूसरे स्थान पर

प्रेषित समय :13:43:45 PM / Mon, Nov 23rd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

नई दिल्ली. एशिया में भारत की सामरिक और कूटनीतिक ताकत लगातार मजबूत हो रही है. Lowy Institute की 2026 एशिया पावर इंडेक्स रिपोर्ट में भारत को एशिया का तीसरा सबसे शक्तिशाली देश घोषित किया गया है. इस सूची में अमेरिका पहले और चीन दूसरे स्थान पर है. वहीं, एशिया के प्रभावशाली नेताओं की रैंकिंग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दूसरा स्थान हासिल किया है. उनसे आगे केवल चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग हैं.

ऑस्ट्रेलिया के Lowy Institute की इस रिपोर्ट में एशिया के 27 देशों और क्षेत्रों की आर्थिक, सैन्य, कूटनीतिक और रणनीतिक ताकत का आकलन किया गया है. रिपोर्ट के मुताबिक, भारत ने विभिन्न क्षेत्रों में अपनी स्थिति मजबूत की है.

40.5 अंक के साथ भारत की ताकत में इजाफा

रिपोर्ट के अनुसार, भारत का ओवरऑल पावर स्कोर बढ़कर 40.5 अंक हो गया है. भारत और चीन के बीच शक्ति का अंतर 2018 के बाद सबसे कम स्तर पर पहुंचा है. हालांकि, चीन की समग्र शक्ति अब भी भारत से करीब 80 प्रतिशत अधिक है. कूटनीतिक प्रभाव के मामले में भारत का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा है. इस श्रेणी में देश को 70.3 अंक मिले हैं. वहीं, भविष्य के संसाधनों के मामले में भारत का स्कोर बढ़कर 56.2 अंक और आर्थिक क्षमता का स्कोर 26.4 अंक रहा.

रक्षा सहयोग और व्यापारिक रिश्तों से बढ़ा प्रभाव

भारत की रैंकिंग में सुधार के पीछे बढ़ते अंतरराष्ट्रीय संबंधों, रक्षा सहयोग और व्यापारिक साझेदारी को अहम वजह माना गया है. दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ रक्षा संबंधों में मजबूती और ब्रह्मोस मिसाइलों के निर्यात ने भारत की सैन्य पहुंच बढ़ाई है. इसके अलावा, भारतीय संस्कृति, मीडिया, लोगों के बीच संपर्क और सूचना के आदान-प्रदान ने भी भारत के क्षेत्रीय प्रभाव को विस्तार दिया है. रिपोर्ट के मुताबिक, भारत अपने उपलब्ध संसाधनों को क्षेत्रीय प्रभाव में बदलने की क्षमता में भी सुधार कर रहा है.

अमेरिका और चीन की बादशाहत बरकरार

एशिया पावर इंडेक्स में अमेरिका पहले और चीन दूसरे स्थान पर है. आर्थिक और सैन्य क्षमताओं के लिहाज से चीन अब भी भारत से काफी आगे है, लेकिन भारत ने अपनी स्थिति मजबूत की है और दोनों देशों के बीच शक्ति का अंतर घटा है. इस इंडेक्स में आर्थिक क्षमता, सैन्य ताकत, रक्षा नेटवर्क, कूटनीतिक प्रभाव, आर्थिक संबंध और भविष्य के संसाधनों सहित आठ मानकों के आधार पर देशों का मूल्यांकन किया जाता है. रिपोर्ट में भारत की स्थिति बताती है कि देश आर्थिक विकास के साथ-साथ रक्षा, कूटनीति और अंतरराष्ट्रीय साझेदारी के जरिए भी एशिया में अपना प्रभाव बढ़ा रहा है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-