बलिया. भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार और भाजपा एमएलसी पवन सिंह एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं. रविवार को उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर अपने परिवार और खानदान से सभी रिश्ते खत्म करने का ऐलान किया. उनके इस बयान के बाद भोजपुरी फिल्म जगत और राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं.
पवन सिंह ने फेसबुक पर अपनी मां और बड़े भाई रानू सिंह की तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि अब बर्दाश्त की सीमा पार हो चुकी है. उन्होंने भोजपुरिया समाज से हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए कहा कि आज और अभी से उनका अपने पूरे परिवार और खानदान से कोई रिश्ता नहीं रहेगा.
हालांकि, पवन सिंह ने अपने पोस्ट में यह स्पष्ट नहीं किया कि परिवार में ऐसा क्या हुआ, जिसके चलते उन्हें इतना बड़ा फैसला लेना पड़ा.
मां और बड़े भाई के लिए हमेशा हाजिर रहेंगे पवन सिंह
अपने भावुक संदेश में पवन सिंह ने मां और बड़े भाई को लेकर अलग बात कही. उन्होंने लिखा कि जिस मां ने उन्हें जन्म दिया और उनके सबसे बड़े भाई रानू सिंह के लिए उनकी जान हमेशा हाजिर रहेगी. पोस्ट के अंत में उन्होंने खुद को भोजपुरिया समाज के परिवार का एक छोटा सदस्य बताया.
उनकी इस पोस्ट ने प्रशंसकों के बीच कई सवाल खड़े कर दिए हैं. लोग जानना चाहते हैं कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि पवन सिंह ने अपने परिवार और खानदान से रिश्ता खत्म करने का ऐलान कर दिया.
ज्योति सिंह से तलाक का मामला भी अदालत में
पवन सिंह की निजी जिंदगी पहले से ही विवादों और चर्चाओं में रही है. उनकी पहली शादी वर्ष 2014 में नीलम सिंह से हुई थी. शादी के करीब एक साल बाद नीलम सिंह का निधन हो गया था. इसके बाद पवन सिंह ने 6 मार्च 2018 को उत्तर प्रदेश के बलिया में ज्योति सिंह से दूसरी शादी की थी.
शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के रिश्तों में तनाव की खबरें सामने आने लगीं. ज्योति सिंह ने पवन सिंह पर मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न के आरोप लगाए थे. उन्होंने गर्भपात कराने के भी आरोप लगाए थे, जिन्हें पवन सिंह ने खारिज किया था.
2022 में शुरू हुई तलाक की कानूनी लड़ाई
अप्रैल 2022 में ज्योति सिंह ने तलाक के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया था. इसके बाद पवन सिंह ने भी आरा फैमिली कोर्ट में तलाक की अर्जी दाखिल की. दोनों के बीच सुलह कराने के लिए कई प्रयास किए गए, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकल सका है.
फिलहाल दोनों के तलाक का मामला अदालत में विचाराधीन है. ऐसे में परिवार से रिश्ता खत्म करने को लेकर पवन सिंह की नई पोस्ट ने एक बार फिर उनकी निजी जिंदगी को सुर्खियों में ला दिया है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

