नई दिल्ली. पश्चिम बंगाल के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल गंगासागर तक रेल कनेक्टिविटी पहुंचाने की दिशा में भारतीय रेलवे ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है. रेलवे ने काकद्वीप-गंगासागर नई रेल लाइन के अंतिम स्थान सर्वेक्षण (फाइनल लोकेशन सर्वे) को मंजूरी प्रदान कर दी है.
34 किलोमीटर लंबी होगी रेल लाइन
प्रस्तावित रेल लाइन की कुल लंबाई करीब 34 किलोमीटर होगी. इस परियोजना में हुगली नदी पर लगभग 4.5 किलोमीटर लंबा विशाल रेलवे पुल भी बनाया जाएगा. इसके पूरा होने पर यह देश के सबसे लंबे रेलवे पुलों में शामिल हो सकता है.
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इस नई रेल लाइन से गंगासागर तक पहुंचना आसान होगा. इससे तीर्थयात्रियों, स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को यात्रा में सुविधा मिलेगी. साथ ही क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है.
मकर संक्रांति पर लाखों श्रद्धालुओं को मिलेगा लाभ
पश्चिम बंगाल के सागर द्वीप पर स्थित गंगासागर देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है. यहां गंगा नदी बंगाल की खाड़ी में मिलती है. विशेष रूप से मकर संक्रांति के अवसर पर देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु सागर संगम में पवित्र स्नान करने और कपिल मुनि मंदिर में दर्शन करने पहुंचते हैं.
फिलहाल मुख्य भूमि से गंगासागर पहुंचने के लिए मुरीगंगा नदी को नौका के जरिए पार करना पड़ता है. इसके बाद सड़क मार्ग से यात्रा करनी होती है. नई रेल लाइन बनने से इस यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाने में मदद मिलेगी.
ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का भी उल्लेख
रेलवे धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए विभिन्न परियोजनाओं पर काम कर रहा है. उत्तराखंड में 125 किलोमीटर लंबी ऋषिकेश-कर्णप्रयाग नई रेल लाइन का निर्माण भी जारी है. यह रेल लाइन देवप्रयाग और कर्णप्रयाग जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को जोड़ेगी.
काकद्वीप-गंगासागर रेल परियोजना पूरी होने पर सागर द्वीप तक रेल संपर्क का विस्तार होगा. इससे धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ स्थानीय व्यापार, रोजगार और क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

