जबलपुर. ऑनलाइन ठगी कर दूसरे राज्यों में सुरक्षित ठिकाना बना चुके साइबर अपराधियों की अब खैर नहीं है. जबलपुर पुलिस अधीक्षक (एसपी) सम्पत उपाध्याय के सख्त निर्देश पर जिले की पुलिस ने साइबर ठगों के खिलाफ एक बड़ा और गोपनीय अभियान छेड़ दिया है. जिले के विभिन्न थानों में दर्ज साइबर धोखाधड़ी के 35 सनसनीखेज मामलों में फरार चल रहे आरोपियों की धरपकड़ के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) जितेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में 7 विशेष टीमों का गठन कर देश के अलग-अलग राज्यों में रवाना किया गया.
पुलिस की इन स्पेशल टीमों ने बाहरी राज्यों में दबिश देकर साइबर ठगों के नेटवर्क में खलबली मचा दी है. इस बड़ी कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम को आंध्र प्रदेश के नेल्लौर में बड़ी सफलता हाथ लगी. थाना सिविल लाइन और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर साइबर ठगी के फरार आरोपी शेख हनीफ को धर दबोचा. इस साहसिक कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक इंदल सिंह मरावी, प्रधान आरक्षक प्रदीप टेकम और आरक्षक आशुतोष बघेल की मुख्य भूमिका रही.
वहीं दूसरी ओर, एक अन्य टीम ने थाना गोरखपुर में दर्ज ठगी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेही के कब्जे से 84,950 रुपये की नकद राशि जब्त की है और आरोपी को वैधानिक नोटिस तामील कराया गया है. इस सफलता में उप निरीक्षक राकेश बागरी और प्रधान आरक्षक राकेश चौरसिया का विशेष योगदान रहा.
हालांकि, पुलिस की इस मुहिम में कई चुनौतियां भी सामने आ रही हैं. बैंकों से मिले संदिग्ध खाताधारकों के कई पते फर्जी या अधूरे निकले हैं, जिससे आरोपियों तक पहुंचने में पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है. इसके बावजूद पुलिस के हौसले बुलंद हैं. एसपी सम्पत उपाध्याय की विशेष रणनीति के तहत अब अभियान के अगले चरण में नई टीमों को अन्य राज्यों में भेजने की तैयारी पूरी कर ली गई है, ताकि लंबित मामलों का जल्द से जल्द खुलासा हो सके.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

