जबलपुर रेल मंडल में कोचों के अनुरक्षण में बड़ा सुधार, ब्रेक बाइंडिंग की घटनाओं में 49% की कमी

जबलपुर रेल मंडल में कोचों के अनुरक्षण में बड़ा सुधार, ब्रेक बाइंडिंग की घटनाओं में 49% की कमी

प्रेषित समय :17:36:23 PM / Sun, Nov 29th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर.जबलपुर रेल मंडल के यांत्रिक विभाग ने कोचिंग ट्रेनों के अनुरक्षण की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया है. नियमित निवारक अनुरक्षण, तकनीकी निगरानी और विफलताओं के विश्लेषण के चलते चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में 19 नवंबर तक ब्रेक बाइंडिंग और प्राइमर डिस्क ब्रेकिंग से जुड़ी घटनाओं में पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में बड़ी कमी आई है.

रेल मंडल के आंकड़ों के अनुसार, ब्रेक बाइंडिंग की घटनाओं में मंडल स्तर पर करीब 49 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है. वित्तीय वर्ष 2025-26 में जहां ऐसे 51 मामले सामने आए थे, वहीं चालू वित्तीय वर्ष में इनकी संख्या घटकर 26 रह गई है.

ब्रेक बाइंडिंग की घटनाओं में 47 से 49 प्रतिशत की कमी

प्राइमर अनुरक्षण वाली ट्रेनों में ब्रेक बाइंडिंग की घटनाएं 15 से घटकर 8 रह गई हैं. इस तरह करीब 47 प्रतिशत का सुधार हुआ है. वहीं, ब्रेक बाइंडिंग के कारण ट्रेनों की समयपालनता प्रभावित होने के मामलों में भी कमी आई है.

प्राइमर अनुरक्षण ट्रेनों में ऐसे मामले 9 से घटकर 5 रह गए हैं, जबकि मंडल स्तर पर इनकी संख्या 21 से घटकर 9 हो गई है. यह क्रमशः 44 और 57 प्रतिशत की कमी को दर्शाता है.

प्राइमर डिस्क ब्रेकिंग की घटनाओं में 55 प्रतिशत की गिरावट

कोचों में प्राइमर डिस्क ब्रेकिंग से संबंधित घटनाओं में भी मंडल ने बेहतर प्रदर्शन किया है. प्राइमर अनुरक्षण ट्रेनों में ऐसी घटनाएं पिछले वित्तीय वर्ष के 18 मामलों से घटकर चालू वित्तीय वर्ष में केवल 2 रह गई हैं. इस प्रकार करीब 89 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है.

वहीं, पूरे मंडल में प्राइमर डिस्क ब्रेकिंग की घटनाएं 75 से घटकर 34 रह गई हैं, जो लगभग 55 प्रतिशत की गिरावट है.

इन घटनाओं के कारण ट्रेनों की समयपालनता प्रभावित होने के मामलों में भी सुधार हुआ है. प्राइमर अनुरक्षण ट्रेनों में ऐसे मामले 11 से घटकर 3 रह गए हैं, जबकि मंडल स्तर पर इनकी संख्या 42 से घटकर 21 हो गई है. यह क्रमशः 73 और 50 प्रतिशत की कमी है.

निवारक अनुरक्षण और निगरानी से मिली सफलता

जबलपुर रेल मंडल का यांत्रिक विभाग कोचिंग ट्रेनों के नियमित एवं प्रभावी निवारक अनुरक्षण पर विशेष ध्यान दे रहा है. इसके साथ ही अनुरक्षण की गुणवत्ता की लगातार निगरानी, तकनीकी खामियों का विस्तृत विश्लेषण और सुधारात्मक उपायों को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है.

इन्हीं प्रयासों के परिणामस्वरूप ब्रेक बाइंडिंग और प्राइमर डिस्क ब्रेकिंग की घटनाओं में कमी आई है. रेल मंडल की यह उपलब्धि सुरक्षित, विश्वसनीय और समयबद्ध रेल परिचालन सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है. यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित रेल यात्रा उपलब्ध कराने के लिए अनुरक्षण व्यवस्था में सुधार के प्रयास लगातार जारी हैं.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-