इंदौर में पुलिसकर्मी साइबर ठगी का शिकार, फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर 8 लाख ऐंठे

इंदौर में पुलिसकर्मी साइबर ठगी का शिकार, फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर 8 लाख ऐंठे

प्रेषित समय :19:44:35 PM / Sun, Nov 29th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

इंदौर. साइबर अपराधियों ने फॉरेक्स ट्रेडिंग और शेयर बाजार में निवेश के नाम पर एक पुलिसकर्मी से करीब 8 लाख रुपये की ठगी कर ली. आरोपियों ने निवेश पर 20 प्रतिशत मुनाफा दिलाने का झांसा देकर अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर करवाई. साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत के बाद लसूड़िया पुलिस ने एक युवती और युवक के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है.

एडवाइजरी फर्म के जरिए निवेश का दिया झांसा

पुलिस के अनुसार, फरियादी पवन कुमार शर्मा प्रथम वाहिनी में पदस्थ हैं. वर्ष 2023 से वह आरोपियों के संपर्क में थे. शुरुआत में सोनम परदेशी नाम की युवती ने उन्हें फोन किया और एडवाइजरी फर्म के माध्यम से निवेश करने की जानकारी दी. युवती ने स्कीम-136 में अपना ऑफिस होने की बात बताई थी.

उसके झांसे में आकर पवन ने मेटा ट्रेडर ऐप इंस्टॉल किया. इसके बाद उनकी दिनेश शर्मा नाम के व्यक्ति से बातचीत कराई गई, जिसके माध्यम से उन्होंने फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश करना शुरू किया.

ऐप पर दिखाया लाखों का फर्जी मुनाफा

आरोपियों ने ऐप पर फर्जी इंडेक्स तैयार किया था, जिसमें निवेश की रकम पर लाखों रुपये का मुनाफा दिखाया जाता था. इससे पवन को निवेश पर अच्छा रिटर्न मिलने का भरोसा हो गया और उन्होंने लगातार रकम लगाना शुरू कर दिया.

पवन ने अपनी पत्नी और चचेरे भाई के बैंक खातों से भी आरोपियों के बताए खातों में रुपये ट्रांसफर किए. भरोसा जीतने के लिए शुरुआत में युवती ने निवेश की रकम में से कुछ रुपये वापस भी करवाए. इसके बाद आरोपियों ने उनसे करीब 8 लाख रुपये ऐंठ लिए और अचानक संपर्क बंद कर दिया.

शिकायत के बाद पुलिस ने दर्ज किया केस

ठगी का पता चलने पर पवन कुमार शर्मा ने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई. शिकायत की जांच के बाद शनिवार को लसूड़िया पुलिस ने एक युवती और युवक के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-