इंदौर में कांग्रेस से भाजपा में गए 3 पार्षदों का मामला हाईकोर्ट पहुंचा, दल-बदल कानून के तहत कार्रवाई की मांग

इंदौर में कांग्रेस से भाजपा में गए 3 पार्षदों का मामला हाईकोर्ट पहुंचा, दल-बदल कानून के तहत कार्रवाई की मांग

प्रेषित समय :17:13:55 PM / Tue, Nov 24th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

इंदौर. इंदौर नगर निगम में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीतने के बाद भाजपा में शामिल हुए तीन पार्षदों के खिलाफ दल-बदल कानून के तहत कार्रवाई की मांग को लेकर मामला मध्य प्रदेश हाईकोर्ट पहुंच गया है. इस मामले में सोमवार को सुनवाई प्रस्तावित थी, लेकिन कोर्ट ने सुनवाई बुधवार तक के लिए टाल दी.

कांग्रेस के चुनाव चिह्न पर जीत हासिल करने वाले पार्षद ममता सुनेरे, शिवम यादव और विनिता मौर्य बाद में भाजपा में शामिल हो गए थे. उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट ने नगरीय प्रशासन विभाग में आवेदन दिया था. आवेदन में तीनों पार्षदों की सदस्यता समाप्त कर उनके पद रिक्त घोषित करने और उपचुनाव कराने की मांग की गई थी.

हालांकि, नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव ने इस आवेदन को निरस्त कर दिया था. इसके बाद सोनिला मिमरोट ने विभाग के आदेश को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट में याचिका दायर की. सितंबर में दायर याचिका पहली बार सोमवार को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध हुई थी, लेकिन अब मामले की सुनवाई बुधवार को होगी.

159 साल पुरानी आर्मी स्कूल बिल्डिंग का मामला भी टला

महू में स्थित 159 साल पुरानी आर्मी स्कूल की ऐतिहासिक इमारत को तोड़ने के मामले में भी सोमवार को सुनवाई नहीं हो सकी. हाईकोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई 27 नवंबर को निर्धारित की है. भवन के संरक्षण की मांग को लेकर देव कुमार वासुदेवन ने जनहित याचिका दायर की है.

याचिका में कहा गया है कि वर्ष 1866 में ब्रिटिश वास्तुकला में निर्मित यह भवन ऐतिहासिक महत्व रखता है. यहां पहले आर्मी अस्पताल संचालित होता था और बाद में आर्मी पब्लिक स्कूल शुरू किया गया. याचिकाकर्ता ने इमारत को संरक्षित करने और उसमें तोड़फोड़ रोकने की मांग की है.

म्यूजियम या वार मेमोरियल बनाने का सुझाव

पूर्व में सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट की युगलपीठ ने सेना से सवाल किया था कि ऐतिहासिक महत्व रखने वाली इस इमारत को म्यूजियम या वार मेमोरियल के रूप में विकसित क्यों नहीं किया जा सकता. कोर्ट ने माना था कि पुरातात्विक धरोहर घोषित नहीं होने के बावजूद भवन का ऐतिहासिक महत्व है.

सेना की ओर से कोर्ट को बताया गया था कि नए भवन के निर्माण का ठेका दिया जा चुका है. वहीं, याचिकाकर्ता ने आरोप लगाया कि कोर्ट की रोक के बावजूद भवन में तोड़फोड़ जारी है. इस मामले में अवमानना याचिका भी दायर की गई है, जिस पर कोर्ट नोटिस जारी कर चुका है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-