किसान शक्ति को एकजुट करेगा भारतीय किसान संघ: 15 दिसंबर से चलेगा महासदस्यता अभियान, 7 लाख किसानों को जोड़ने का लक्ष्य

किसान शक्ति को एकजुट करेगा भारतीय किसान संघ: 15 दिसंबर से चलेगा महासदस्यता अभियान, 7 लाख किसानों को जोड़ने का लक्ष्य

प्रेषित समय :19:08:54 PM / Sun, Nov 29th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. ग्रामीण स्तर पर किसानों की समस्याओं को मुखर करने और संगठन के विस्तार को नई गति देने के उद्देश्य से भारतीय किसान संघ आगामी 15 दिसंबर से 15 जनवरी तक देशव्यापी सदस्यता महाअभियान चलाएगा. इस एक माह के विशेष अभियान के तहत प्रांत के 7 लाख किसानों को संगठन से जोड़ने और 10 हजार नई ग्राम समितियों के गठन का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया गया है. अभियान की तैयारियों और रूपरेखा को अंतिम रूप देने के लिए रविवार को जवाहर लाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय परिसर में एक उच्चस्तरीय प्रांतीय बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें 24 जिलों के पदाधिकारियों ने भाग लिया.

हर कार्यकर्ता तीन गांवों में करेगा सघन संपर्क अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख राघवेन्द्र सिंह पटेल ने अभियान की कार्ययोजना साझा करते हुए बताया कि संगठन की जड़ों को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए प्रांत भर में 3 हजार से अधिक मंडल रचनाएं तैयार की गई हैं. प्रांत, जिला, तहसील और ग्राम स्तर के हजारों कार्यकर्ता इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएंगे. तय रणनीति के अनुसार, प्रत्येक कार्यकर्ता कम से कम तीन गांवों का सघन दौरा कर किसानों से सीधा संवाद करेगा और उन्हें संगठन की रीति-नीति से अवगत कराकर सदस्य बनाएगा. प्रांत महामंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने जानकारी दी कि संगठन के विस्तार के लिए हर तीन वर्ष में यह नियमित अभियान चलाया जाता है.

गांव की चौपाल से संसद तक गूंजेगी किसानों की आवाज बैठक को संबोधित करते हुए क्षेत्र संगठन मंत्री महेश चौधरी ने संगठन की मजबूती को किसान हितों के लिए अनिवार्य बताया. उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन की वास्तविक शक्ति उसकी सदस्य संख्या होती है; संगठन जितना व्यापक होगा, किसानों के अधिकारों की लड़ाई लड़ना उतना ही सहज होगा. इस महाअभियान का मुख्य ध्येय यह सुनिश्चित करना है कि गांव की चौपाल पर उठने वाले किसानों के मुद्दे और चर्चाएं सीधे संसद तक गूंजें और अन्नदाता संगठित होकर आत्मनिर्भर बनें.

प्रमुख पदाधिकारियों की रही सहभागिता महानगर प्रचार प्रमुख मनोज मिश्रा के अनुसार, बैठक में क्षेत्र संगठन मंत्री महेश चौधरी, अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख राघवेन्द्र सिंह पटेल और प्रांत अध्यक्ष गजराज सिंह ने पदाधिकारियों को अभियान की सफलता के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. इस अवसर पर अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य प्रमोद चौधरी, गिरिजा ठाकुर, प्रांत संगठन मंत्री तुलाराम, कार्यालय मंत्री आलोक पटेल, प्रांत मंत्री स्वदेश कोठारी, उपाध्यक्ष मोहन तिवारी, विजय गोटियां, मेर सिंह चौधरी, दामोदर पटेल सहित 24 जिलों के संभाग अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष रामदास पटेल, रामकृष्ण सोनी, जितेंद्र पटेल, सरदार पटेल व अन्य प्रांतीय पदाधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-