जबलपुर. संस्कारधानी में अपराध और अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी और आक्रामक कार्रवाई करते हुए बदमाशों के होश उड़ा दिए हैं. पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के कड़े निर्देश पर जबलपुर पुलिस ने शनिवार रात से रविवार तड़के तक पूरे जिले में एक साथ 'कांबिंग गश्त' चलाकर अपराध जगत में खलबली मचा दी. रात के अंधेरे में हुई इस ताबड़तोड़ छापेमारी में पुलिस की विशेष टीमों ने कई वर्षों से कानून की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहे 358 वारंटियों को उनके ठिकानों से दबोच लिया है.
शनिवार शाम 6 बजे से शुरू हुआ पुलिस का यह महाअभियान रविवार तड़के 2 बजे तक लगातार 8 घंटे चला. इस दौरान शहर से लेकर देहात तक के हर कोने में पुलिस बल ने घेराबंदी कर संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी. अभियान की कमान खुद वरिष्ठ अधिकारियों ने संभाली, जिसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (जोन-3) मनीष भारद्वाज, एएसपी (क्राइम) जितेंद्र सिंह, एएसपी (जोन-2) पल्लवी शुक्ला, एएसपी (जोन-5) अंजना तिवारी और एएसपी (यातायात) अखिलेश तिवारी सहित सभी सीएसपी, डीएसपी और एसडीओपी मैदान में डटे रहे. सभी थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में उप निरीक्षक और सहायक उप निरीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें बनाकर अपराधियों की धरपकड़ के लिए जाल बिछाया.
पुलिस की इस सुनियोजित घेराबंदी का नतीजा यह रहा कि सालों से पुलिस को चकमा दे रहे 226 गैर-म्यादी (स्थायी) वारंटियों और 106 गिरफ्तारी वारंटियों को दबोच लिया गया, साथ ही 26 जमानती वारंट भी तामील कराए गए. गिरफ्तार किए गए अधिकांश आरोपी लंबे समय से फरार थे, जिन्हें अब माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है.
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सिर्फ वारंटियों पर ही शिकंजा नहीं कसा, बल्कि सक्रिय गुंडे-बदमाशों की भी कुंडली खंगाली. देर रात सड़कों पर बेवजह घूमने वालों से सख्त पूछताछ की गई और रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड तथा मुसाफिरखानों में सघन चेकिंग अभियान चलाकर संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की तलाशी ली गई.
पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जनता में सुरक्षा का भाव जगाना और कानून का राज स्थापित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि सालों से फरार चल रहे अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाना बेहद जरूरी था और अपराधियों पर पूरी तरह लगाम कसने के लिए भविष्य में भी ऐसे औचक और सख्त अभियान लगातार जारी रहेंगे.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

