जबलपुर. एमपी के जबलपुर में अब नशे के काले कारोबार की जड़ें खोदने और ड्रग्स माफियाओं को सलाखों के पीछे भेजने के लिए पुलिस ने अब आर-पार की जंग का ऐलान कर दिया है. तकनीकी खामियों और सबूतों के अभाव में अदालत से बच निकलने वाले तस्करों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस महकमे ने अपनी जांच प्रणाली को पूरी तरह हाईटेक और अचूक बनाने की कवायद शुरू कर दी है.
इसी कड़ी में पुलिस मुख्यालय भोपाल (नारकोटिक्स शाखा) के सख्त निर्देश व पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के मार्गदर्शन में आज पुलिस कंट्रोल रूम जबलपुर में एक विशेष और गहन प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया. सुबह 10.30 बजे शुरू हुए इस सत्र में जिले के विभिन्न थानों से आए विवेचकों को एनडीपीएस एक्ट, 1985 के तहत होने वाली कार्रवाई को कानूनी रूप से अभेद्य बनाने के गुर सिखाए गए.
कार्यशाला में कानून के जानकारों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने जांच की बारीकियों पर प्रकाश डाला. वरिष्ठ एडीपीओ राजवीर सिंह यादव, एडीपीओ अभिषेक शर्मा और उप पुलिस अधीक्षक (अपराध) उमेश तिवारी ने विवेचकों को स्पष्ट संदेश दिया कि नशे के मामलों में एक छोटी सी लापरवाही भी अपराधी को बरी करा सकती है. इसलिए, घटनास्थल पर कार्रवाई से लेकर कोर्ट में चालान पेश करने तक हर कदम पर वैधानिक प्रक्रियाओं का सख्ती से पालन अनिवार्य है.
काली कमाई पर सीधा प्रहार-
वाणिज्यिक मात्रा (कमर्शियल क्वांटिटी) में नशीले पदार्थों की तस्करी करने वालों की अब केवल गिरफ्तारी नहीं होगी, बल्कि उनके आर्थिक साम्राज्य और अवैध संपत्तियों को भी नेस्तनाबूद किया जाएगा.
पीआईटी एनडीपीएस एक्ट, 1988-
आदतन और बड़े ड्रग्स तस्करों को जमानत से रोकने और उन्हें लंबे समय तक जेल में रखने के लिए इस कठोर कानून के प्रभावी इस्तेमाल की रणनीति समझाई गई.
धारा 52-ए की सख्ती-
जब्त किए गए मादक पदार्थों के सैंपल लेने, सील करने और उनके सुरक्षित निस्तारण की कानूनी प्रक्रिया को त्रुटिरहित बनाने पर जोर दिया गया.
हाईटेक सबूत,वीडियोग्राफी-
छापेमारी और जब्ती के दौरान पारदर्शिता बनाए रखने और कोर्ट में ठोस सबूत पेश करने के लिए घटनास्थल की अनिवार्य वीडियोग्राफी के नियम समझाए गए.
ऑन-स्पॉट पहचान-
मौके पर ही नशीले पदार्थों की सटीक पहचान सुनिश्चित करने के लिए एनडीपीएस टेस्टिंग किट के व्यावहारिक उपयोग का प्रशिक्षण दिया गया.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

