जबलपुर. एमपी हाईकोर्ट ने जमीन अधिग्रहण और मुआवजे से जुड़े मामले में लगातार अनुपस्थिति पर भोपाल कलेक्टर के खिलाफ 5 हजार रुपए का जमानती वारंट जारी किया है. जस्टिस दीपक खोत की एकलपीठ ने कार्यालय कलेक्टर, भोपाल के वर्तमान पदधारी की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. इसके तहत वर्तमान कलेक्टर आईएएस प्रियंक मिश्रा को कोर्ट में पेश होना होगा. मामले की अगली सुनवाई 16 दिसंबर को होगी.
यह मामला भोपाल निवासी अलका वाईकर सहित अन्य याचिकाकर्ताओं की याचिका से जुड़ा है. याचिकाकर्ताओं का आरोप है कि सड़क निर्माण के लिए तय 80 वर्गफुट जमीन से अधिक अतिरिक्त भूमि का इस्तेमाल किया गया, लेकिन इसके विधिवत अधिग्रहण और मुआवजे को लेकर समुचित कदम नहीं उठाए गए. इससे पहले हाईकोर्ट ने कलेक्टर को अर्जित की गई पूरी जमीन के मुआवजे पर दोबारा विचार करने के स्पष्ट निर्देश दिए थे.
इससे पहले 11 सितंबर 2026 को न्यायमूर्ति विवेक जैन की पीठ ने अनुपालन रिपोर्ट में खामियां मिलने पर तत्कालीन कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह की पेशी सुनिश्चित करने के लिए 500 रुपए का जमानती वारंट जारी किया था. इसके बावजूद 28 नवंबर को हुई सुनवाई में भी कलेक्टर की ओर से कोई उपस्थित नहीं हुआ. सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ताओं के अधिवक्ता प्रतीक जैन ने कोर्ट को पुराने आदेश और उसके पालन की स्थिति से अवगत कराया.
लगातार गैरहाजिरी पर वारंट की राशि बढ़ाई-
लगातार हो रही अनदेखी और गैरहाजिरी को गंभीरता से लेते हुए एकलपीठ ने 5 हजार रुपए का नया जमानती वारंट जारी करने का आदेश दिया. मामले में अगली सुनवाई 16 दिसंबर को निर्धारित की गई है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

