महिला IAS अधिकारी से यौन उत्पीड़न के आरोप में TVK विधायक गिरफ्तार, हाईकोर्ट की फटकार के बाद पुलिस ने की कार्रवाई

महिला IAS अधिकारी से यौन उत्पीड़न के आरोप में TVK विधायक गिरफ्तार, हाईकोर्ट की फटकार के बाद पुलिस ने की कार्रवाई

प्रेषित समय :17:56:00 PM / Sun, Nov 29th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

चेन्नई.तमिलनाडु में महिला आईएएस अधिकारी से यौन उत्पीड़न के आरोप में सत्ताधारी दल तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के विधायक सी. अरुल विग्नेश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. मद्रास हाईकोर्ट की सख्ती के बाद पुलिस ने शुक्रवार शाम विधायक को उनके आवास से हिरासत में लिया. पूछताछ के बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से 11 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. शनिवार तड़के उन्हें कुड्डालोर केंद्रीय जेल में दाखिल कराया गया.

कपड़ों पर अभद्र टिप्पणी और अश्लील मैसेज भेजने का आरोप

पीड़ित महिला आईएएस अधिकारी ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि करीब तीन महीने पहले एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान विधायक ने उनके कपड़ों को लेकर अभद्र टिप्पणी की थी. इसके अलावा विधायक पर व्हाट्सऐप के जरिए अश्लील संदेश भेजने और रात के समय उनके आधिकारिक आवास में जबरन प्रवेश करने की कोशिश करने का भी आरोप है.

वहीं, विधायक सी. अरुल विग्नेश ने इन सभी आरोपों को खारिज करते हुए इसे अपने खिलाफ राजनीतिक साजिश बताया है.

हाईकोर्ट की फटकार के बाद दर्ज हुई FIR

मामले में निष्पक्ष जांच और एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर मद्रास हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई थी. सुनवाई के दौरान अदालत ने राज्य सरकार को चेतावनी देते हुए कहा था कि किसी भी प्रभावशाली व्यक्ति को बचाने की कोशिश नहीं होनी चाहिए.

इसके बाद महिला अधिकारी की लिखित शिकायत पर कल्लाकुरिची के महिला पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75, 78, 79 और 132 के तहत मामला दर्ज किया गया.

हाईकोर्ट ने तिरुप्पुर की पुलिस अधीक्षक सृष्टि सिंह को जांच अधिकारी नियुक्त करते हुए 22 दिसंबर तक अंतिम जांच रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया है.

पॉश एक्ट के तहत चार सदस्यीय समिति गठित

मामले की विभागीय जांच के लिए राज्य सरकार ने कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम संबंधी पॉश एक्ट के तहत चार सदस्यीय आंतरिक शिकायत समिति गठित की है. वरिष्ठ आईएएस अधिकारी काकरला उषा को समिति का अध्यक्ष बनाया गया है. समिति को 60 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपनी होगी.

राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी लिया संज्ञान

राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी मामले का स्वतः संज्ञान लिया है. आयोग ने तमिलनाडु के पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखकर निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने की मांग की है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-