बीजिंग. पूरी दुनिया जब कोरोना वायरस को हराकर सामान्य दिनों की ओर लौट रही है, तब चीन संक्रमण के नए संकट से जूझ रहा है, जहां से इसकी शुरुआत हुई थी. चीन की सरकार वायरस की रोकथाम के लिए कठोर से कठोर कदम उठाने से पीछे नहीं हट रही है. फिर चाहें कुछ मामले सामने आने के बाद करोड़ों लोगों को लॉकडाउन में कैद करना हो या कुछ पालतू जानवरों की हत्या करना. एक खबर के मुताबिक चीनी अधिकारियों ने एक वायरस हॉटस्पॉट में कोरोना के मरीजों के पालतू जानवरों को मारने की योजना बनाई जिसे स्थानीय लोगों के आक्रोश के बाद रद्द कर दिया गया.
डेलीमेल की खबर के अनुसार लैंगफ़ैंग शहर के अधिकारियों ने मंगलवार को एंसी जिले के उन नागरिकों के पालतू जानवरों को मारने का आदेश दिया जो कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं. लेकिन बुधवार को शहर के लोगों ने इसका विरोध किया, जिसके चलते अधिकारियों को अपना आदेश वापस लेना पड़ा और कार्रवाई को रोकना पड़ा. फिलहाल अभी यह स्पष्ट नहीं है कि आदेश वापस लेने से पहले किसी जानवर की हत्या हुई या नहीं.
जानवरों से इंसानों में संक्रमण फैलने का कोई मामला नहीं
चाइना न्यूज सर्विस ने बुधवार को बताया कि जानवरों की हत्या स्थानीय समयानुसार शाम 5 बजे रोक दी गई थी. इंसानों से कुत्ते और बिल्ली जैसे जानवरों में कोरोना संक्रमण फैलने के कई मामले सामने आ चुके हैं. लेकिन अभी तक जानवरों से वापस इंसानों में वायरस फैलने का कोई केस दर्ज नहीं किया गया है. चीन के प्रशासन का यह आदेश दिखाता है कि बीजिंग अपनी जीरो कोविड पॉलिसी को लेकर कितना गंभीर है.
एक साल के बाद चीन में कोरोना से दो लोगों की मौत
चीन की इस नीति ने महामारी की शुरुआत से स्थानीय स्तर पर हालात काबू में रखे हैं. फिर चाहें सख्त लॉकडाउन हो, सीमा नियंत्रण के नियम हों या लंबे क्वारंटीन. चीन की सरकारी मीडिया के अनुसार चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने मार्च में कहा था कि देश अपनी जीरो कोविड रणनीति का पालन करता रहेगा. गत मार्च में चीन में एक साल से ज्यादा समय के बाद पहली बार दो लोगों की कोरोना वायरस संक्रमण से मौत दर्ज की गई थी.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-चीन में पहली बार सभी 31 राज्यों में फैला कोरोना, पांच शहरों में फुल लॉकडाउन
गया में ताइवान की महिला कोरोना संक्रमित, संपर्क में आए 8 लोगों की रिपोर्ट आई निगेटिव
देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 1259 केस दर्ज, 35 लोगों की मौत
Leave a Reply