एमपी : भाजपा सरकार का रिपोर्ट कार्ड जारी, अमित शाह बोले- कांग्रेस ने बनाया बीमारू राज्य

एमपी : भाजपा सरकार का रिपोर्ट कार्ड जारी, अमित शाह बोले- कांग्रेस ने बनाया बीमारू राज्य

प्रेषित समय :14:25:10 PM / Sun, Aug 20th, 2023

भोपाल. केंद्रीय गृह व सहकारिता मंत्री अमित शाह रविवार को मप्र प्रवास पर हैं। वह दोपहर करीब सवा 12 बजे वायुसेना के विशेष विमान से भोपाल पहुंचे। स्टेट हैंगर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा और प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने उनकी आत्मीय अगवानी की। यहां से शाह सीधे कुशाभाऊ ठाकरे सभागार पहुंचे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मिशन को लेकर मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार के 20 साल का रिपोर्ट कार्ड जारी किया। इसी कार्यक्रम में शाह द्वारा 'गरीब कल्याण महाअभियानÓ की भी शुरुआत की जाएगी। यहां के बाद शाह ग्वालियर जाएंगे, जहां वह मध्य प्रदेश के मन में मोदी का उद्घोष करेंगे।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गरीब कल्याण महाअभियान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि हमने एक बीमारू राज्य को 20 साल में विकसित राज्य के रूप में आगे ले जाने काम किया है। आत्म निर्भर मध्य प्रदेश की नींव इन वर्षों में रखी गई। शाह ने कहा कि मध्य प्रदेश का गठन 1956 में हुआ, तब से 2003 तक कांग्रेस का शासन रहा। मध्य प्रदेश को 53 साल में बीरारू राज्य बनाया । आने वाले अमृतकाल का समय मध्य प्रदेश के लिए बेमिसाल साबित होगा। हर क्षेत्र में एमपी आगे बढ़ रहा है। एमपी के सभी अंचलों तक विकास पहुंचाया है।

अमित शाह ने भरोसा जताया कि 2024 में लोकसभा की पूरी सीट हमें जनता देगी। उन्होंने कहा कि 2003 में बंटाधार की सरकार को हटाकर उमा भारती के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनी और इसके बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में 20 साल में विकास के कार्य हुए हैं। मध्य प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने का काम किया। मैं मध्य प्रदेश की जनता को कहने आया हूं कि यह गरीबी से मुक्ति का चुनाव है। आबादी के 10 प्रतिशत लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं।

दिग्विजय- कमल नाथ जवाब दें कि अजा- अजजा के मात्र एक हज़ार करोड़ रुपये खर्च करते थे, आज हमारी सरकार इस वर्ग पर 64 हज़ार करोड़ रुपये खर्च कर रही है। स्वास्थ्य का बजट 580 करोड़ से बढ़कर 16 हजार करोड़ हुआ। सर्व शिक्षा अभियान का बजट बढ़ा है। पहले सड़कों में गड्ढे थे या गड्ढे में सड़क थी, समझ में नहीं आता था। कांग्रेस ने किसानों को गुमराह किया। जिसने खेत नहीं देखा, वो कमल नाथ एमएसपी की बात करते हैं। मध्य प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय एक लाख 40 हजार हो गई है। उन्होंने ललकारते हुए कहा कि कांग्रेस हमारे रिपोर्ट कार्ड का जवाब दे और हिम्मत है तो पचास साल का हिसाब दे। मनमोहन सरकार ने मात्र एक लाख 95 हज़ार करोड़ रुपये दिये और मोदी सरकार ने आठ लाख 31 हज़ार करोड़ दिये। राशन कांग्रेस के चट्टे-पट्टे ही खा जाते थे।

अमित शाह ने कहा कि मोदी जी ने योजना बनाने में कटौती नहीं की और बजट देने में भी कमी नहीं की। पहले टुकड़े-टुकड़े में विकास होता था। अब समुचित विकास होता है। 80 लाख शौचालय बन चुके हंै, 10 लाख 87 हजार सिलेंडर वितरित किए हैं। 31 हजार करोड़ की लागत से नर्मदा एक्सप्रेस वे का निर्माण किया है।
क्या किया कांग्रेस ने 15 महीने की सरकार में। हमारी सरकार की योजनाओं को लंगड़ा कर दिया था कमल नाथ सरकार ने। 46 लाख बेटियों को लाडली लक्ष्मी योजना का लाभ मिला है। प्रदेश में शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों की संख्या 24 तक पहुंच चुकी है। ट्राइबल के लिए पेसा कानून लागू किया है। मोदी और शिवराज सरकार की गरीब कल्याण की योजनाओं को बंद करने का काम कांग्रेस ने किया।

अमित शाह ने कहा कि 14 देशों ने सिफऱ् मोदी का सम्मान नहीं किया बल्कि हमारी विकासगाथा का सम्मान किया है। नरेन्द्र मोदी ने विकसित राज्य बनाने का बीड़ा उठाया है। कांग्रेस ने जब सत्ता पाई तब सिफऱ् घोटाला किया । बोफ़ोर्स से लेकर फाक्सवेगन तक दो दर्जन घोटालों की लिस्ट शाह ने सुनाई.

पीएम मोदी के मार्गदर्शन में मप्र के विकास को मिली गति - शिवराज

गरीब कल्याण महाअभियान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि एक समय था, जब मप्र को बीमारू राज्य कहा जाता था। डबल इंजन की सरकार ने विकास के कीर्तिमान गढ़े हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में 2014 से मध्य प्रदेश के विकास को गति मिली है। आजादी के अमृत काल में 2047 तक देश को गौरवशाली वैभवशाली बनाने का संकल्प प्रधानमंत्री ने लिया है उसे पूरा करने में मध्य प्रदेश महत्वपूर्ण योगदान करेगा।

ग्वालियर में शाह प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक को करेंगे संबोधित

अमित शाह अटल बिहारी वाजपेयी सभागृह ग्वालियर में भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होंगे। शाह दोपहर 2.40 बजे भोपाल एयरपोर्ट से ग्वालियर के लिए रवाना होंगे। आप 3:35 बजे ग्वालियर पहुंचेंगे। शाह 3.55 बजे अटल बिहारी वाजपेयी सभागार, जीवाजी विश्वविद्यालय पहुचंकर वृहद पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति बैठक को संबोधित करेंगे। 5:20 बजे पिंटो पार्क गायत्री नगर ग्वालियर में संपर्क अभियान में भाग लेंगे। शाम 5.50 बजे होटल आदित्याज में आयोजित बैठक में भाग लेंगे। शाह शाम 7.45 बजे ग्वालियर से दिल्ली प्रस्थान करेंगे।

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

एमपी : नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह ने मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैस को हटाने निर्वाचन आयुक्त को लिखा पत्र

एमपी विधानसभा चुनाव के लिए 39 भाजपा प्रत्याशियों की सूची जारी, जबलपुर में पूर्व से अंचल, बरगी से नीरज सिंह के नाम तय, देखें सूची

एमपी के रीवा में यात्रियों से भरी बस को ट्रक ने मारी टक्कर, एक की मौत, 22 लोग घायल

एमपी : छतरपुर में कैदी की मौत के मामले में टीआई सहित चार पुलिस कर्मी सस्पेंड

गुजरात के राजकोट में एमपी के आदिवासियों की बंधक बनाकर पिटाई, सियासत गरमाई, कमलनाथ ने उठाया मामला

एमपी : अशोकनगर विधायक जजपाल सिंह जज्जी को मिली हाईकोर्ट से मिली राहत