मणिपुर में हिंसा का सिलसिला जारी, बिहार के दो मजदूरों की गोली मारकर हत्या

मणिपुर में हिंसा का सिलसिला जारी, बिहार के दो मजदूरों की गोली मारकर हत्या

प्रेषित समय :11:22:53 AM / Sun, Dec 15th, 2024
Reporter : पलपल रिपोर्टर

नई दिल्ली. मणिपुर में लंबे समय से जारी हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। इस हिंसा में अब तक सैकड़ों लोगों की जान जा चुकी है और हजारों परिवार राहत शिविरों में शरण लेने को मजबूर हैं। ताजा घटना में, रविवार को बिहार के दो मजदूरों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना मणिपुर के काकचिंग जिले में शनिवार शाम लगभग 5:20 बजे हुई। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान सुनालाल कुमार (18) और दशरथ कुमार (17) के रूप में हुई है, जो बिहार के गोपालगंज जिले के राजवाही गांव के निवासी थे। दोनों मजदूर साइकिल से अपने किराए के घर लौट रहे थे, जब अज्ञात उपद्रवियों ने उन पर हमला कर दिया।

मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हमलावरों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है, और घटना के पीछे की वजहों की जांच जारी है। घटना कुकी बहुल क्षेत्र में हुई है। पुलिस ने इसे ‘अप्राकृतिक मौत’ के रूप में दर्ज किया है और विस्तृत जांच शुरू कर दी है। मणिपुर में मई 2023 से मैतेई समुदाय और कुकी-जो जनजाति के बीच जातीय हिंसा चल रही है। इस संघर्ष में अब तक 250 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है, और हजारों लोग बेघर हो गए हैं।

वहीं, दूसरी घटना में इंफाल में प्रतिबंधित संगठन PREPAK के सात सशस्त्र उग्रवादियों ने पुलिस कमांडो की टीम पर गोलीबारी की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने सातों उग्रवादियों को घेर लिया। पुलिस की गोली लगने से एक उपद्रवी की मौत हो गई, जिसकी पहचान लैशराम प्रेम के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि प्रेम 13 अगस्त से लापता था और उसके परिवार ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

मणिपुर में जारी जातीय हिंसा और उग्रवादी गतिविधियों से न केवल स्थानीय लोग, बल्कि अन्य राज्यों से आए प्रवासी मजदूर भी प्रभावित हो रहे हैं। प्रशासन ने शांति बहाल करने के लिए कार्रवाई तेज कर दी है, लेकिन हिंसा पर काबू पाने में अब भी कठिनाई हो रही है।

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-