लोको पायलट 16 घंटे तक लगातार चलाता रहा महाकुंभ स्पेशल ट्रेन, फिर यात्रियों छोड़कर चला गया, मचा हंगामा

लोको पायलट 16 घंटे तक लगातार चलाता रहा महाकुंभ स्पेशल ट्रेन, फिर यात्रियों छोड़कर चला गया, मचा हंगामा

प्रेषित समय :13:10:03 PM / Sun, Feb 2nd, 2025
Reporter : पलपल रिपोर्टर

प्रयागराज. महाकुंभ में श्रद्धालुओं को लाने और ले जाने के लिए कई स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं. ऐसी ही एक महाकुंभ स्पेशल ट्रेन को स्टेशन पर खड़ी कर लोको पायलट चला गया. कई घंटे तक ट्रेन स्टेशन पर खड़ी रही, इससे यात्री परेशान हो गए और हंगामा करने लगे. विभाग की तरफ से दूसरा लोको पायलट बुलाया गया, इसके बाद ट्रेन आगे के लिए रवाना हुई. 

पूरा मामला प्रयागराज-वाराणसी महाकुंभ स्पेशल ट्रेन से जुड़ा हुआ है. मिर्जापुर के निगतपुर रेलवे स्टेशन पर एक लोको पायलट ने महाकुंभ स्पेशल ट्रेन रोक दी और वह चला गया. उसका कहना था कि उसने 16 घंटे तक ट्रेन चलाई है, जिसके कारण उसे थकान हो गई है. थकान के कारण वह अब ट्रेन को और नहीं चला सकता.

दरअसल लोको पायलट ने ट्रेन रोककर स्टेशन मास्टर को मेमो देकर ट्रेन चलाने से मना कर दिया. स्टेशन मास्टर ने इसकी जानकारी कंट्रोल रूम को दी. तीन से चार घंटे तक ट्रेन खड़ी रही तो यात्री स्टेशन मास्टर के पास पहुंचकर हंगामा करने लगे. इसकी जानकारी एसपी को दी गई.

एसपी ने पुलिस फोर्स भेजकर यात्रियों को शांत करवाया और वाराणसी से दूसरा लोको पायलट भेजा गया. इसके बाद ट्रेन आगे के लिए रवाना हुई. बताया जा रहा है कि महाकुंभ के लिए स्पेशन ट्रेन चलाये जाने के कारण लोकोपायलट पर अधिक दबाव है और उन्हें एक्सट्रा ड्यूटी करनी पड़ रही है.

बताया गया कि कछवां थाना के निगतपुर रेलवे स्टेशन पर गाड़ी नंबर 00537 महाकुंभ स्पेशल ट्रेन प्रयागराज से काशी वाराणसी के लिए आ रही थी. निगतपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन खड़ी करके लोको पायलट उतर गया था. इससे यात्री परेशान हो गए थे और फिर उन्हें समझाबुझा कर पुलिस ने शांत करवाया.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-