OMG: चोली के पीछे क्या है, गाने पर दूल्हे ने किया डांस तो गुस्साए दुल्हन के पिता ने रद्द कर दी शादी

OMG: चोली के पीछे क्या है, गाने पर दूल्हे ने किया डांस तो गुस्साए दुल्हन के पिता ने रद्द कर दी शादी

प्रेषित समय :15:42:37 PM / Sun, Feb 2nd, 2025
Reporter : पलपल रिपोर्टर

नई दिल्ली. राजधानी दिल्ली से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है. यहां एक शख्स को अपनी शादी में बॉलीवुड गाने पर डांस करना महंगा पड़ गया. लड़के से उसकी दुल्हनिया नहीं बल्कि दुल्हनिया के पिता खफा हो गए. उन्हें समझाने की तमाम कोशिश हुई लेकिन वह शादी रद्द करने पर अड़ गए और इसके बाद ये शादी होते-होते रह गई.

शादी नई दिल्ली में होने वाली थी. जानकारी के अनुसार, दूल्हे से उसके दोस्तों ने डांस करने के लिए कहा. जब दूल्हा डांस करने के लिए खड़ा हुआ तो बॉलीवुड का मशहूर गाना चोली के पीछे क्या है बजने लगा. दूल्हा दोस्तों के साथ इस गाने पर डांस करने लगा. कई मेहमानों ने भी दूल्हे को डांस करता देख उसका हौसला बढ़ाया, लेकिन दुल्हन के पिता को ये बिलकुल पसंद नहीं आया.

लड़की के पिता ने कहा कि दूल्हे का डांस करना बिलकुल ठीक नहीं था इसलिए उन्होंने तुरंत इस शादी को रोकने का ऐलान कर दिया. दुल्हन के पिता ने कहा कि दूल्हे का व्यवहार उनके परिवार के मूल्यों का अपमान करने वाला है. पिता की बातें सुनकर दुल्हन रो पड़ी. दुल्हन ने अपने पिता को समझाने की कोशिश की लेकिन वे नहीं माने.

रोती हुई दुल्हन ने अपने पिता से कहा कि यह सब मजाक चल रहा था लेकिन पिता ने एक भी ना सुनी. शादी रोके जाने के बाद भी दुल्हन के पिता का गुस्सा शांत नहीं हुआ. उन्होंने अपनी बेटी से साफ कह दिया है कि दूल्हे के परिवार वालों से किसी तरह का रिश्ता ना रखा जाए.

हालांकि यह कोई पहली शादी नहीं है जो शादी के दिन ही रद्द हुई हो. पिछले साल दिसंबर में उत्तर प्रदेश के चंदौली में एक दूल्हे ने खाना परोसने में देरी होने के कारण अपनी शादी रद्द कर दी थी. उसी दिन बाद में उसने अपनी चचेरी बहन से शादी कर ली.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-