इतिहास उन शासकों को लंबे समय तक याद रखता है जो सत्ता में रहकर भी व्यवस्था से अधिक अव्यवस्था छोड़ गए. अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का राजनीतिक जीवन, व्यवहार, और हालिया घटनाएं इस ओर संकेत करती हैं कि वे न केवल राजनीतिक रूप से विभाजनकारी रहे हैं, बल्कि आने वाले वर्षों में “अमेरिका के नीरो” के रूप में याद किए जा सकते हैं — और इसकी जड़ें केवल उनके निर्णयों में नहीं, बल्कि उनकी जन्म-कुंडली में विद्यमान अशुभ योगों में भी छिपी हुई हैं.
चंद्र-केतु योग: मानसिक अशांति और विध्वंसक प्रवृत्ति
डोनाल्ड ट्रंप की कुंडली में चंद्र-केतु योग विद्यमान है, जो किसी भी व्यक्ति के मानसिक संतुलन और भावनात्मक बुद्धिमत्ता पर गहरा प्रभाव डालता है. चंद्रमा जहाँ मन, भावनाओं और संवेदनशीलता का कारक होता है, वहीं केतु एक छाया ग्रह है जो भ्रम, कटुता और आत्मविरोध का प्रतीक माना जाता है. जब ये दोनों ग्रह एक ही स्थान पर मिलते हैं, तो व्यक्ति के भीतर एक ऐसा द्वंद्व उत्पन्न होता है जो उसे आत्मकेंद्रित, अस्थिर, और निर्णयों में असंगत बना देता है.
इस योग का व्यक्ति अपने ही विचारों में खोया रहता है, दूसरों की पीड़ा को समझने में असमर्थ होता है. उसमें एक प्रकार की क्रूरता आ जाती है, जो उसे सार्वजनिक नीतियों और फैसलों में कठोर बना देती है. यही कारण है कि ट्रंप का कार्यकाल नस्लीय तनाव, शरणार्थी विरोधी नीति, और ‘अमेरिका फर्स्ट’ की संकीर्ण परिभाषा से चिह्नित रहा. चंद्र-केतु योग वाले शासक जहां भी सत्ता में आते हैं, वहाँ की जनता मानसिक रूप से अधिक पीड़ित रहती है — चाहे वह राजनीतिक ध्रुवीकरण हो या लोकतांत्रिक संस्थाओं की अवहेलना.
सूर्य-राहु योग: सत्ता की भूख और आत्म-प्रशंसा
डोनाल्ड ट्रंप की कुंडली में दूसरा बड़ा अशुभ योग है — सूर्य-राहु योग. सूर्य सत्ता, आत्मबल और राज्य का प्रतीक है, वहीं राहु छल, भ्रम, और असीम महत्वाकांक्षा का प्रतिनिधित्व करता है. जब ये दोनों ग्रह साथ होते हैं, तो जातक को सत्ता की प्राप्ति तो होती है, पर वह अपने पद के प्रति निष्ठा खो बैठता है.
इस योग के प्रभाव से ट्रंप राज्य तो पा गए, लेकिन राजधर्म निभा नहीं पाए. उनकी राष्ट्रपति शैली ने अमेरिकी लोकतंत्र को बार-बार संकट में डाला — चाहे वह प्रेस को "झूठा" कहने की प्रवृत्ति हो या कैपिटल हिल पर हमला भड़काने का आरोप. सूर्य-राहु योग की सबसे खतरनाक विशेषता यह होती है कि व्यक्ति अपने कार्यों के दुष्परिणामों को नहीं देखता; वह स्वयं को हमेशा सही मानता है और अपने भ्रम को ही सत्य मानता है.
ट्रंप की आत्म-प्रशंसा, आलोचना को असहनीय मानना, और ‘तानाशाही शैली’ इसी योग का प्रत्यक्ष प्रभाव है. राहु उन्हें ‘महान नेता’ के मिथक में कैद करता है और सूर्य उसे बार-बार मंच पर खड़ा करता है — भले ही वह मंच आग की चिंगारियों से घिरा हो.
अमेरिकी व्यवस्था पर ग्रहों की छाया
ट्रंप के नेतृत्व में अमेरिका की वैधानिक और लोकतांत्रिक संस्थाओं को सबसे अधिक झटका लगा. यह कोई संयोग नहीं कि जब चंद्र-केतु और सूर्य-राहु जैसे ग्रह योग सक्रिय हों, तब व्यक्ति सत्ता को उपयोग नहीं, उपभोग का साधन बना लेता है. ट्रंप के खिलाफ चल रहे आपराधिक मुकदमे, तानाशाही मानसिकता और बार-बार लोकतंत्र को चुनौती देने की प्रवृत्ति इन योगों की ज्योतिषीय पुष्टि करते हैं.
कुछ विद्वान कहते हैं कि ट्रंप को अमेरिका के “कालपुरुष” के रूप में नहीं, बल्कि "राज–राहु" के रूप में देखा जाना चाहिए — जो सत्ता को सत्कर्म नहीं, केवल प्रदर्शन और भय की सीढ़ी बनाकर चढ़ता है.
राजनीति के पटल पर नीरो की परछाई
डोनाल्ड ट्रंप की कुंडली हमें केवल उनकी मानसिकता को नहीं दिखाती, बल्कि एक वैश्विक चेतावनी भी देती है — जब ऐसे योगों वाला व्यक्ति सत्ता में आता है, तो लोकतंत्र का स्वास्थ्य ही खतरे में पड़ता है. ट्रंप की तुलना रोम के नीरो से इसलिए भी प्रासंगिक है क्योंकि नीरो ने रोमन राज्य में आग लगने पर बंसी बजाई थी — और ट्रंप ने अमेरिका के लोकतांत्रिक तानेबाने के जलने पर “इलेक्शन फिक्स था” का ढोल बजाया.आज जब ट्रंप पुनः चुनाव मैदान में हैं और अमेरिका फिर से दोराहे पर खड़ा है, तब यह ज्योतिषीय विश्लेषण महज एक भविष्यवाणी नहीं - एक चेतावनी भी है.

