नई दिल्ली. मणिपुर में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है. यहां प्रतिबंधित कुकी संगठन चिन कुकी मिजो आर्मी (सीकेएमए) के स्वयंभू प्रमुख समेत चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी.
जानकारी के अनुसार, सुरक्षा बलों ने मणिपुर के चुड़चांपुर जिले के एस मुनुआम इलाके से चिन कुकी मिजो आर्मी के स्वयंभू कमांडर इन चीफ पाओखोलेन गुइटे को हिरासत में लिया. गुइटे पर भारत-म्यांमार सीमा पार से हथियार और नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल होने का आरोप है.
गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से दो एके-47 राइफलें, 181 राउंड विभिन्न प्रकार के कारतूस, एक लाख रुपये नकद और एक कार बरामद की गई. सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक गुइटे सीमावर्ती इलाकों में अवैध गतिविधियों में सक्रिय था. इसके अलावा, गुरुवार को इंफाल पश्चिम जिले में दो अलग-अलग स्थानों से प्रतिबंधित पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के दो कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया. ये दोनों उग्रवादी घाटी क्षेत्रों में ईंट भ_ा मालिकों और आम नागरिकों से जबरन वसूली में लिप्त थे.
इसी क्रम में, बुधवार को थौबल जिले के याइरीपोक इलाके से पीएलए के एक अन्य सदस्य को भी गिरफ्तार किया गया. पुलिस के अनुसार, वह खदान मजदूरों से अवैध वसूली और धमकी देने जैसी गतिविधियों में शामिल था. गौरतलब है कि सितंबर माह में पीएलए के उग्रवादियों ने मणिपुर के बिष्णुपुर जिले के नांबोल सबल लेइकाई इलाके में असम राइफल्स के एक काफिले पर घात लगाकर हमला किया था, जिसमें दो जवान शहीद हो गए थे. सुरक्षा बलों की इन कार्रवाइयों को मणिपुर में शांति बहाल करने की दिशा में अहम माना जा रहा है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-




