अनिल मिश्र/रांची
झारखंड में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। गिरिडीह जिले से सामने आई इस दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। अपने दिव्यांग पति और परिवार के भरण-पोषण के लिए समोसे-पकौड़ी की छोटी-सी दुकान चलाने वाली एक महिला को छेड़खानी का विरोध करना भारी पड़ गया। मनचलों ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए महिला पर खौलता हुआ तेल उंडेल दिया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गई और जिंदगी-मौत के बीच जूझ रही है।
यह दर्दनाक वारदात गिरिडीह जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत लेदा पंचायत की है। जानकारी के अनुसार, रविवार देर शाम दो युवक महिला की दुकान पर पहुंचे। उन्होंने समोसा-पकौड़ी मंगाई और वहीं बैठकर खाने लगे। दुकान पर महिला को अकेला देखकर दोनों की नीयत बिगड़ गई और वे छेड़खानी व अश्लील हरकतें करने लगे। जब महिला ने इसका कड़ा विरोध किया और शोर मचाने की कोशिश की, तो दोनों युवक आक्रोशित हो गए।
आरोप है कि गुस्से में आकर दोनों ने दुकान में चूल्हे पर रखी खौलते तेल से भरी कड़ाही उठाई और उसे सीधे महिला के ऊपर उड़ेल दिया। गर्म तेल गिरते ही महिला चीख पड़ी और गंभीर रूप से झुलस गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और आनन-फानन में उसे गिरिडीह सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत नाज़ुक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी उदय चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पीड़ित महिला का पति दिव्यांग है और परिवार की जिम्मेदारी पूरी तरह उसी पर है। रोज़मर्रा की जरूरतें पूरी करने के लिए वह गांव में समोसे-पकौड़ी और फास्ट फूड की छोटी दुकान चलाती है। ऐसी महिला के साथ हुई यह अमानवीय घटना न सिर्फ कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि समाज में बढ़ते अपराध और महिलाओं के प्रति असुरक्षित माहौल को भी उजागर करती है।
इस घटना के बाद इलाके में गुस्सा और आक्रोश का माहौल है। लोग आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में कोई भी महिला अपने हक की आवाज उठाने पर इस तरह की दरिंदगी का शिकार न बने।
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

