CBSE भर्ती 2025 की बढ़ी हुई डेडलाइन खत्म होने से पहले करें आवेदन सरकारी नौकरी की इच्छा रखने वाले उम्मीदवारों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने ग्रुप क, ख और ग श्रेणी के कुल 124 पदों पर भर्ती निकाली है। बोर्ड ने हाल ही में आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 27 दिसंबर 2025 कर दी है। इच्छुक उम्मीदवार रात 11:59 बजे तक आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यह भर्ती सीबीएसई के प्रशासनिक कार्य, अकादमिक सपोर्ट, फाइनेंस और कोऑर्डिनेशन से जुड़ी होगी और चयनित उम्मीदवारों को 7वें वेतन आयोग के अनुसार वेतन, महंगाई भत्ता और अन्य सरकारी लाभ मिलेंगे।
ग्रुप ए में असिस्टेंट सेक्रेटरी, असिस्टेंट प्रोफेसर, असिस्टेंट डायरेक्टर (एकेडमिक्स/ट्रेनिंग/स्किल एजुकेशन), और अकाउंट्स ऑफिसर के पद शामिल हैं। ग्रुप बी में सुपरिंटेंडेंट और जूनियर ट्रांसलेशन ऑफिसर के पद हैं। ग्रुप सी में जूनियर अकाउंटेंट और जूनियर असिस्टेंट के पद शामिल किए गए हैं।
चयन प्रक्रिया दो चरणों में पूरी होगी। टियर-1 में लिखित परीक्षा होगी, जिसमें सामान्य जागरूकता, रीजनिंग, क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड और संबंधित विषयों पर आधारित 100 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे। इस परीक्षा में कुल 300 अंक होंगे। टियर-2 स्किल टेस्ट आधारित होगा, जिसमें सुपरिंटेंडेंट और जूनियर असिस्टेंट जैसे पदों के लिए टाइपिंग टेस्ट या कंप्यूटर स्किल परीक्षा होगी। दोनों चरणों के प्रदर्शन के आधार पर अंतिम मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी और उसके बाद दस्तावेज सत्यापन किया जाएगा।
आयु सीमा की गणना 22 दिसंबर 2025 के अनुसार होगी, न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित की गई है, जबकि विशेष वर्ग के उम्मीदवारों को आयु सीमा में छूट दी जाएगी। ग्रुप-ए के पदों के लिए बीएड, एमएड या संबंधित विषय में स्नातक की डिग्री आवश्यक है। ग्रुप-बी के पदों के लिए स्नातक या स्नातकोत्तर डिग्री, जबकि ग्रुप-सी पदों के लिए कक्षा 12वीं उत्तीर्ण होना आवश्यक है।
इस भर्ती में आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को ऑनलाइन ही आवेदन करना होगा और देर न करने की सलाह दी जा रही है क्योंकि 27 दिसंबर के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। यह अवसर सरकारी नौकरी पाने के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए महत्वपूर्ण है और समय रहते आवेदन करना सफलता की कुंजी है।
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

