पटना. आज 14 जनवरी को मकर संक्रांति पर तेज प्रताप यादव ने पटना के 26 एम स्ट्रैंड रोड स्थित अपने आवास पर भव्य दही-चूड़ा महाभोज का आयोजन किया है. खास बात यह है कि इस भोज में उन्होंने सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों खेमों के नेताओं को न्योता दिया है. उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, दोनों उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा और सम्राट चौधरी और अन्य को भी निमंत्रण दिया है. लालू यादव इस भोज में पहुंचे भी हैं.
इस भोज के सियासी मायने
आमतौर पर मकर संक्रांति पर लालू-राबड़ी आवास या मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर होने वाला दही-चूड़ा भोज सुर्खियों में रहता था, लेकिन इस बार लालू प्रसाद यादव के यहां बड़े स्तर पर आयोजन नहीं दिख रहा है. इसके बजाय तेज प्रताप यादव का भोज बिहार की राजनीति के केंद्र में आ गया है. माना जा रहा है कि यह आयोजन सिर्फ त्योहार तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके सियासी मायने भी निकाले जा रहे हैं.
तेज प्रताप ने इन दिग्गज नेताओं को किया आमंत्रित
तेज प्रताप यादव के दही-चूड़ा भोज की मेहमानों की सूची भी सामने आई है, जिसमें सत्ता और विपक्ष के कई बड़े नाम शामिल हैं. इनमें डिप्टी सीएम विजय सिन्हा, तेजस्वी यादव, मुकेश सहनी, पशुपति नाथ पारस, दिलीप कुमार जायसवाल, अशोक चौधरी, रामकृपाल यादव, मदन सहनी, लेसी सिंह, संतोष सुमन और बिहार विधानसभा व विधान परिषद के अध्यक्ष जैसे कई प्रमुख नेता शामिल हैं.
एनडीए-जेडीयू ने भी भोज का किया आयोजन
मकर संक्रांति के मौके पर एनडीए और जेडीयू की ओर से भी दही-चूड़ा भोज का आयोजन किया गया. जेडीयू मंत्री रत्नेश सदा के दही-चूड़ा कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत कई बड़े नेता शामिल हुए. इस अवसर पर रत्नेश सदा ने मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका अभिनंदन किया.


