शॉप के कर्मचारी ने ही चोरी किए थे लाखों रुपए के मोबाइल फोन, बाजार में बेचने से पहले पकड़ा गया

शॉप के कर्मचारी ने ही चोरी किए थे लाखों रुपए के मोबाइल फोन, बाजार में बेचने से पहले पकड़ा गया

प्रेषित समय :15:27:40 PM / Tue, Jan 27th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में गढ़ा क्षेत्र स्थित शॉप से मोबाइल फोन किसी और ने नहीं बल्कि कर्मचारी ने ही चोरी किए थे. पुलिस ने कर्मचारी साहिल साहू को गिरफ्तार कर चोरी की वारदात का खुलासा किया है.

पुलिस अधिकारियों को दी गई शिकायत में बताया गया कि कस्टमर द्वारा कैंसिल किए गए सामान को जबलपुर हब से मुख्य कार्यालय इंदौर भेजा जाता है. इसी दौरान कंपनी की ओर से मेल के जरिए जानकारी मिली कि हब से शिपमेंट में जाने वाले बैग में पार्सल कम पहुंच रहे हैं. जब रिकॉर्ड का मिलान किया गया तो 30 जुलाई 2025 से 7 जनवरी 2026 के बीच आईफोन, एंड्राइड मोबाइल, ब्रेसलेट सहित करीब 7 लाख रुपए के 15 कीमती आर्टिकल गायब हैं.

शिकायत के बाद गढ़ा थाना पुलिस ने शॉप और हब में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की. फुटेज में कर्मचारी साहिल साहू को शिपमेंट बैग से कीमती आर्टिकल चोरी करते हुए देखा गया. आरोपी हब एसोसिएट के पद पर कार्यरत था. जिसकी जिम्मेदारी ऑफिस खोलना, शिपमेंट अनलोड कराना व रिप्लेसमेंट का सामान वापस भेजना थी. पुलिस ने आरोपी को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ कीए जिसमें उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया.

आरोपी के कब्जे से 6 आईफोन और 1 अन्य मोबाइल फोन कीमत करीब 6 लाख रुपए बरामद किए गए हैं. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए सभी मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं. आरोपी ने बताया कि वह इन महंगे मोबाइल फोनों को चोरी कर बाजार में ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में था. आरोपी को पकडऩे में थाना प्रभारी प्रसन्न कुमार शर्मा, उप निरीक्षक योगेन्द्र सिंह, सहायक उप निरीक्षक रामकरण मिश्रा, प्रधान आरक्षक ज्ञानेन्द्र पाठक, आरक्षक शैलेन्द्र, हेमंत पटेल, सिद्धार्थ तिवारी एवं महिला आरक्षक पूनम की सराहनीय भूमिका रही.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-