जबलपुर: पमरे के नवनियुक्त पीसीसीएम अरविंद रजक ने स्टेशन का किया निरीक्षण, यात्री सुविधाओं, डिजिटल टिकटिंग व स्वच्छता पर जोर

जबलपुर: पमरे के नवनियुक्त पीसीसीएम अरविंद रजक ने स्टेशन का किया निरीक्षण, यात्री सुविधाओं, डिजिटल टिकटिंग व स्वच्छता पर जोर

प्रेषित समय :17:40:28 PM / Thu, Jan 29th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. पश्चिम मध्य रेलवे के नवपदस्थापित प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक श्री अरविंद रजक द्वारा गत दिवस जबलपुर रेल मंडल के प्रमुख स्टेशन जबलपुर का प्रथम आकस्मिक निरीक्षण किया गया. इस अवसर पर उनके साथ जबलपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मधुर वर्मा भी उपस्थित रहे.

निरीक्षण के दौरान श्री रजक ने स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया, यात्री आवागमन मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, टिकटिंग सुविधाओं के अंतर्गत आरक्षण एवं बुकिंग कार्यालयों का गहन निरीक्षण किया. उन्होंने यात्रियों को अधिकाधिक डिजिटल माध्यमों से टिकट बुकिंग एवं भुगतान के लिए प्रोत्साहित करने हेतु आवश्यक निर्देश दिए, जिससे पारदर्शिता बढ़े एवं यात्रियों को त्वरित सुविधा प्राप्त हो सके.

प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक ने स्टेशन पर कार्यरत रेल कर्मचारियों से प्रत्यक्ष संवाद कर उनके कार्य में आने वाली व्यावहारिक एवं तकनीकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना तथा उनके समाधान हेतु आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न यात्री सुविधाओं जैसे सहयोग काउंटर, यात्री प्रतीक्षालय, पार्किंग स्थल सहित अन्य यात्री सुविधा क्षेत्रों का भी अवलोकन किया.

खान-पान सुविधाओं के अंतर्गत स्टालों एवं यूनिटों का निरीक्षण करते हुए श्री रजक ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं मानकों के अनुरूप सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खान-पान सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया.

इसके अतिरिक्त, श्री रजक द्वारा आरक्षण, बुकिंग, पार्सल, पूछताछ कार्यालयों का भी औचक निरीक्षण किया गया तथा वहां संपादित किए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई. यात्री प्रतीक्षालयों, पार्किंग स्थलों एवं स्टेशन परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने निरंतर सुधार एवं रखरखाव बनाए रखने के निर्देश दिए.

इस निरीक्षण के दौरान वाणिज्य विभाग की टीम के साथ-साथ आरपीएफ एवं परिचालन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे. निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुविधाजनक रेल यात्रा अनुभव प्रदान करना रहा.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-