ग्वालियर: ग्वालियर में बड़ा हादसा, ट्रक ने कार को मारी टक्कर, एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत

एमपी : ग्वालियर में बड़ा हादसा, ट्रक ने कार को मारी टक्कर, एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत

प्रेषित समय :11:11:16 AM / Fri, Jan 30th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

ग्वालियर. एमपी के ग्वालियर के भिंड रोड हाईवे पर घने कोहरे में तेज रफ्तार ट्रक ने कार को टक्कर मार दी. हादसे में कार सवार एक ही परिवार के चार लोगों की मौके पर मौत हो गई. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजे, ट्रक चालक की तलाश जारी है.

ग्वालियर में घने कोहरे के बीच भीषण सड़क हादसा हो गया. भिंड रोड हाईवे पर बंटू ढाबा के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों में दो महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं.

जानकारी के अनुसार सभी मृतक एक ही परिवार के सदस्य थे और भिंड जिले के निवासी बताए जा रहे हैं. परिवार भिंड से ग्वालियर की ओर जा रहा था. सुबह करीब 8 बजे जैसे ही उनकी कार बंटू ढाबा के पास पहुंची, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कार को रौंद दिया. टक्कर के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क के दाहिने हिस्से में झाडिय़ों में जा घुसा. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया. पुलिस ने चारों शवों को कार से बाहर निकालकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह घना कोहरा और तेज रफ्तार बताई जा रही है. फिलहाल पुलिस ट्रक चालक की तलाश कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है. इस हादसे के बाद इलाके में कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-