उज्जैन. मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां विवाह का झांसा देकर लोगों से लाखों रुपये ठगने वाले अंतर्राज्यीय लुटेरी दुल्हन गैंग का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. भाटपचलाना थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लुटेरी दुल्हन सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
यह मामला उज्जैन से करीब 75 किलोमीटर दूर भाटपचलाना थाना क्षेत्र का है. पुलिस के अनुसार, आरोपी शादी कराने का झांसा देकर पीडि़तों से मोटी रकम वसूलते थे और कुछ ही दिनों में फरार हो जाते थे.
29 जनवरी को दर्ज हुई शिकायत
फरियादी दिलीप धानुका, निवासी ग्राम मसवाडिया, ने 29 जनवरी 2026 को भाटपचलाना थाने में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत में बताया गया कि विवाह की तलाश के दौरान उसकी मुलाकात मुकेश धानुका और लखन बलाई से हुई, जिन्होंने पायल क्षारिया नाम की युवती से शादी कराने का प्रस्ताव रखा. आरोपियों ने शादी के बदले 1 लाख 40 हजार रुपये की मांग की. समझौते के तहत फरियादी ने 90 हजार रुपये नकद दिए, जबकि शेष राशि बाद में देने की बात तय हुई.
19 जनवरी को कराई गई शादी
आरोपियों द्वारा 19 जनवरी 2026 को ग्राम गजनीखेड़ी में दिलीप धानुका और पायल क्षारिया का विवाह संपन्न कराया गया. शादी के महज 8 से 10 दिनों बाद ही पायल ने अतिरिक्त पैसों की मांग शुरू कर दी. जब फरियादी ने और पैसे देने से इनकार किया, तो 29 जनवरी को पायल मौका पाकर मुकेश के साथ फरार हो गई.
त्वरित कार्रवाई में तीनों आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही भाटपचलाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पायल क्षारिया, मुकेश धानुका और लखन बलाई को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस अब इस बात की गहन जांच कर रही है कि यह गिरोह इससे पहले और कितनी वारदातों को अंजाम दे चुका है और किन-किन लोगों को शादी के नाम पर ठगा गया है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-


