मैहर. एमपी के मैहर स्थित ग्राम सगमनिया में पत्नी अर्चना दुबे की हत्या कर फरार हुए आरोपी पति केशव प्रसाद दुबे उर्फ भैया जी को पुलिस ने जबलपुर से गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी केशव प्रसाद को पुलिस की टीमें करीब पांच माह से लगातार तलाश कर रही थी.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार सगमनिया निवासी अर्चना दुबे उम्र 35 वर्ष का विवाह लगभग 14 साल पहले नरसिंहपुर जिले के दासगंज, गोटेगांव निवासी केशव प्रसाद दुबे उर्फ भैयाजी उम्र 39 वर्ष से हुआ था. उनके तीन बच्चे हैं, जिनमें 13 और 10 साल की दो बेटियां और 8 साल का एक बेटा शामिल है. घरेलू कलह और पति की नशे की लत से परेशान होकर अर्चना घटना से चार महीने पहले बच्चों के साथ अपने मायके आ गई थी. 21 सितम्बर 2025 को पति केशव दुबे अचानक अपनी ससुराल पहुंचा. खाना खाने के बाद जब वह सोने के लिए कमरे में गया तो उसने तीनों बच्चों को बाहर भेजकर दरवाजा बंद कर लिया.
इसके बाद आरोपी ने पहले अपनी पत्नी की लाठी से पिटाई की फिर उसके गले पर चाकू से कई वार किए और उसे जख्मी हालत में छोड़कर भाग गया. हमले में घायल अर्चन को भाई सहित अन्य परिजन उठाकर अस्पताल ले गए. जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद सतना के जिला अस्पताल रेफर किया गया. लेकिन रास्ते में ही अर्चना की मौत हो गई. पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी पति केशव प्रसाद की तलाश शुरु कर दी. वह फरारी के दौरान अपने ठिकाने बदलता रहा. इस बीच पुलिस को खबर मिली कि आरोपी जबलपुर के भेड़ाघाट क्षेत्र में छिपा है. जिसपर पुलिस की टीम ने दबिश देकर केशव प्रसाद को पकड़ लिया.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

