BJP MLA ने अपनी ही सरकार को घेरा, नहर फूटने को लेकर अजय विश्रोई बोले, CM को कई बार अवगत कराया था, ध्यान नहीं दिया

BJP MLA ने अपनी ही सरकार को घेरा, नहर फूटने को लेकर अजय विश्रोई बोले, CM को कई बार अवगत कराया था, ध्यान नहीं दिया

प्रेषित समय :19:12:48 PM / Tue, Feb 3rd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर


जबलपुर। एमपी के जबलपुर में बरगी बांध की नहर टूटने से कई गांवों में पानी भरने से अफरातफरी मच गई। करीब 6 गांव के किसानों के खेत तालाब में तब्दील हो गएए फसलें बरबाद हो गईं। घटना को लेकर पाटन से भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री अजय विश्नोई ने सोशल मीडिया के जरिए सरकार पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि मैंने इस मुद्दे का कई बार मुख्यमंत्री को ध्यान दिलाया। लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ।
                                   अजय विश्नोई ने अपने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि जबलपुर स्थित बरगी बांध की दोनों ही नहरें (दाईं तट एवं बाईं तट) अत्यधिक कमजोर हो चुकी हैं। बाईं तट नहर में क्षमता से आधे से भी कम जल प्रवाहित किया जा रहा है। नंगी आंखों से नहर की दुर्दशा किसी भी स्थान पर देखी जा सकती है। दाईं तट नहर से पानी कटनी, रीवा एवं सतना तक भेजने का सपना है, जिसके लिए नहर से 227 क्यूसेक जल प्रवाहित करना होगा। वस्तुस्थिति यह है कि नहर 80 क्यूसेक पानी का भार भी नहीं संभाल पा रही है। कल दाईं तट नहर के टूटने की घटना ने इस सच को उजागर कर दिया है। श्री विश्रोई ने आगे कहा कि मैंने कई बार मुख्यमंत्री का ध्यान इसकी ओर दिलाया है। परंतु आज तक नहरों के सुधार की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया है। जबलपुर, नरसिंहपुर, कटनी, सतना एवं रीवा जिलों के लाखों किसानों की इस समस्या को आज मैं मजबूरन सोशल मीडिया पर उठा रहा हूं। इस पोस्ट में अजय विश्नोई ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराजसिंह को भी टैग किया है। गौरतलब है कि मामला तूल पकडऩे के बाद भोपाल से भेजी गई जल संसाधन विभाग की टीम सगड़ा.झपनी गांव पहुंची। जांच टीम में शामिल सीनियर इंजीनियर पुष्पेंद्र सिंह और अन्य अधिकारियों ने नहर फूटने वाली जगह का निरीक्षण किया। मौके पर पहुंची टीम के वरिष्ठ अधिकारी जांच के दौरान मीडिया के सवालों से बचते हुए नजर आए। 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-