संसद में विपक्ष का भारी विरोध : लोकसभा में हंगामा पर विपक्ष के 8 सांसद निलंबित, राहुल गांधी ने किया प्रदर्शन

संसद में विपक्ष का भारी विरोध : लोकसभा में हंगामा पर विपक्ष के 8 सांसद निलंबित, राहुल गांधी ने किया प्रदर्शन

प्रेषित समय :16:01:08 PM / Tue, Feb 3rd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

नई दिल्ली. संसद के बजट सत्र के दौरान लोकसभा में हंगामा करने को लेकर विपक्ष के 8 सांसदों को बचे हुए सत्र के लिए सस्पेंड कर दिया गया है. निलंबित किए गए सांसदों कांग्रेस के सात और सीपीआईएम के एक सांसद हैं. इन सांसदों ने आसन के समीप कागज उछाला और हंगामा किया.

सदन में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा हो रही थी. नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा पूर्व सेना प्रमुख एमएम नरवणे की एक अप्रकाशित पुस्तक का उल्लेख करने का प्रयास करने के मुद्दे पर सदन की कार्यवाही तीन बार स्थगित हुई. अपराह्न तीन बजे जब फिर से कार्यवाही शुरू हुई तो पीठासीन सभापति दिलीप सैकिया ने आसन की अवज्ञा करने के लिए कांग्रेस सांसदों अमरिंदर सिंह राजा वडिंग, गुरदीप सिंह औजला, हिबी ईडन, डीन कुरियाकोस, प्रशांत पडोले, सी किरण कुमार रेड्डी और मणिकम टैगोर तथा सीपीआईएम सांसद एस वेंकटेशन के नाम लिए.

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजीजू ने आठों सदस्यों का नाम लेते हुए सदन में प्रस्ताव रखा कि सदन की अवमानना करने और महासचिव तथा लोकसभा अधिकारियों की मेजों के पास जाकर कागज उछालकर आसन की गरिमा को ठेस पहुंचाने के लिए उक्त सभी सांसदों को नियम 374 (2) के तहत संसद के वर्तमान सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित किया जाए. सदन ने ध्वनिमत से इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी जिसके बाद बैठक दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई.
बजट सत्र के शेष समय के लिए लोकसभा से निलंबित किए गए सांसदों में मणिकम टैगोर, हिबी ईडन, अमरिंदर सिंह राजा वारिंग, गुरजीत सिंह औजला, प्रशांत यादोराव पडोले, डीन कुरियाकोस, सी किरण कुमार रेड्डी और एस वेंकटेशन शामिल हैं.

वहीं, कांग्रेस सांसदों के निलंबन के खिलाफ लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने संसद के बाहर प्रदर्शन किया. विपक्षी सांसदों के निलंबन के बाद लोकसभा की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-