जबलपुर. पश्चिम मध्य रेलवे द्वारा आयोजित 70वें रेल सप्ताह समारोह के अंतर्गत वर्ष 2024-25 के लिए विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार, रेल सेवा पुरस्कार एवं दक्षता शील्ड प्रदान करने का भव्य आयोजन उत्सव सामुदायिक भवन, मदनमहल, जबलपुर में बुधवार 4 फरवरी को संपन्न हुआ.
इस समारोह में जबलपुर रेल मंडल के 03 अधिकारियों एवं 11 कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य निष्पादन हेतु व्यक्तिगत पुरस्कार प्रदान किए गए. साथ ही जबलपुर मंडल को ओवरऑल एफिशिएंसी शील्ड सहित कुल 10 विभिन्न श्रेणियों में सर्वश्रेष्ठ दक्षता शील्ड से सम्मानित किया गया.
कार्यक्रम में पश्चिम मध्य रेलवे की महाप्रबंधक श्रीमती शोभना बंदोपाध्याय द्वारा चयनित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुरस्कार प्रदान किए गए. जबलपुर मंडल की ओर से यह सम्मान मंडल रेल प्रबंधक श्री कमल कुमार तलरेजा द्वारा मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ प्राप्त किया गया.
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री मधुर वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि समारोह में जबलपुर मंडल के निम्नलिखित 03 गजटेड अधिकारियों को विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार से सम्मानित किया गया-
श्री जय प्रकाश सिंह, वरिष्ठ मंडल अभियंता (सिविल इंजीनियरिंग विभाग)
श्री शिवम चौधरी, मुख्य सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता (सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग)
श्री रोहित सिंह, क्षेत्रीय प्रबंधक (परिचालन विभाग)
इसी क्रम में विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार (अराजपत्रित) श्रेणी अंतर्गत जबलपुर मंडल के इंजीनियरिंग, वाणिज्य, यांत्रिक, परिचालन एवं कार्मिक विभाग के कुल 11 कर्मचारियों को उनके दायित्वों के उत्कृष्ट निर्वहन, सुरक्षित रेल संचालन एवं तकनीकी दक्षता के लिए सम्मानित किया गया. इसके अतिरिक्त वर्ष 2024-25 के लिए जबलपुर मंडल को वाणिज्यिक, विद्युत, इंजीनियरिंग, यांत्रिक सुरक्षा, परिचालन, कार्मिक, ऊर्जा संरक्षण, रनिंग रूम प्रबंधन तथा ओवरऑल एफिशिएंसी शील्ड सहित कुल 10 विभिन्न श्रेणियों में दक्षता शील्ड प्रदान की गईं. रेल प्रशासन ने बताया कि जबलपुर मंडल के अधिकारी एवं कर्मचारी सुरक्षा, सेवा गुणवत्ता तथा जनोन्मुखी कार्यों के क्षेत्र में निरंतर उच्च मानक स्थापित कर रहे हैं. यह सम्मान उनके समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा एवं उत्कृष्ट कार्य निष्पादन की औपचारिक स्वीकृति है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

