भारत-नेपाल सीमा पर बारातियों से भरी की बस 150 मीटर गहरी खाई में गिरी, 13 लोगों की दर्दनाक मौत, 34 घायल

भारत-नेपाल सीमा पर बारातियों से भरी की बस 150 मीटर गहरी खाई में गिरी, 13 लोगों की दर्दनाक मौत, 34 घायल

प्रेषित समय :19:31:48 PM / Fri, Feb 6th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

काठमांडू. भारत-नेपाल सीमा से सटे नेपाल के बैतडी जिले में गुरुवार की देर रात एक हृदयविदारक हादसा हुआ, जिसने शादी की खुशियों को चीख-पुकार में बदल दिया. बैतडी से बजांग जा रही बारातियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी. इस भीषण दुर्घटना में 13 बरातियों की दर्दनाक मौत हो गई है, जबकि 34 लोग घायल हुए हैं. घायलों में कई लोगों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है, जिन्हें इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है.

दुल्हन लेकर लौट रही थी बस

हादसा गुरुवार की रात उस वक्त हुआ जब बस बैतडी के पुरचुंणी नगरपालिका-7 स्थित भवने गांव से दुल्हन लेकर विदा हुई थी और बजांग के सुनकुडा जा रही थी. रास्ते में पुरचूंणी के बडग़ांव मोड़ के पास एक तीखी चढ़ाई और घुमाव पर बस का संतुलन बिगड़ गया. देखते ही देखते बस सड़क से फिसलकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी. रात का समय होने के कारण वहां अफरा-तफरी मच गई. जिला प्रहरी कार्यालय बैतडी के प्रवक्ता प्रहरी निरीक्षक बलदेव बडू ने बताया कि सूचना मिलते ही नेपाल एपीएफ, पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने अंधेरे में ही रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और घायलों को खाई से बाहर निकाला.

ओवरलोडिंग बनी काल, चढ़ाई नहीं चढ़ पाई बस

प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह बस में क्षमता से अधिक सवारियों का होना माना जा रहा है. बताया जा रहा है कि बस में बरातियों की संख्या काफी ज्यादा थी. बडग़ांव मोड़ के पास खड़ी चढ़ाई पर लोड ज्यादा होने के कारण बस ऊपर नहीं चढ़ पाई और पीछे की तरफ लुढ़कते हुए बेकाबू होकर खाई में गिर गई. पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 6 लोगों की मौत तो मौके पर ही हो गई थी, जबकि 5 लोगों ने डडेलधुरा अस्पताल और 2 ने कोटिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.

13 साल के बच्चे समेत इन्होंने गंवाई जान

इस हादसे ने कई परिवारों को उजाड़ दिया है. मरने वालों में एक 13 साल का मासूम अशोक राज जोशी भी शामिल है. मृतकों की पहचान केशव राज जोशी (40), बसंत राज जोशी (35), विष्णु दत्त जोशी (41), नरेश राज जोशी (42), बिशन दत्त जोशी (17), दीपक जोशी (28), किशन जोशी (46), मोहन देव भट्ट (60), केशव भट्ट (27), बसंत राज रतला (40), पुष्पा अवस्थी (40) और सुशील जोशी के रूप में हुई है.

गंभीर घायलों को धनगढी रेफर किया गया

हादसे के बाद अस्पतालों में भी अफरा-तफरी का माहौल है. 25 घायल बरातियों का इलाज डडेलधुरा अस्पताल में चल रहा है. वहीं, 5 लोगों की हालत बेहद नाजुक देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए धनगढी रेफर कर दिया गया है. प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया चल रही है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-