मेयर इन काउंसिल के बड़े फैसले, तिलहरी मोहनिया आवास परियोजनाओं को मिली रफ्तार शहर विकास को मिलेंगे नए पंख

मेयर इन काउंसिल के बड़े फैसले, तिलहरी मोहनिया आवास परियोजनाओं को मिली रफ्तार शहर विकास को मिलेंगे नए पंख

प्रेषित समय :21:42:15 PM / Fri, Feb 6th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

नगर संवाददाता, जबलपुर. शहर विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ की अध्यक्षता में मेयर इन काउंसिल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छता व्यवस्था, यातायात सुधार, पेंशनर्स के भत्ते में वृद्धि और शहर के प्रमुख मार्गों के नामकरण सहित कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई. इन फैसलों को शहर के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत संचालित छह परियोजनाओं में से दो प्रमुख परियोजनाओं तिलहरी और मोहनिया को नए सिरे से विकसित करने के लिए टेंडर जारी करने की स्वीकृति प्रदान की गई. महापौर ने बताया कि इन दोनों परियोजनाओं को तेजी से पूरा कराया जाएगा, जिससे हजारों जरूरतमंद और पात्र हितग्राहियों का अपने घर का सपना साकार हो सकेगा. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को बहुत ही सस्ती दरों पर आवास उपलब्ध कराए जाएंगे.

महापौर ने स्पष्ट किया कि इन परियोजनाओं को ‘जैसे है’ के आधार पर नए सिरे से विकसित करने की योजना बनाई गई है, जिससे निर्माण कार्य में गति लाई जा सके. उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य शहर के प्रत्येक जरूरतमंद नागरिक को आवास उपलब्ध कराना है और इसके लिए निगम पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है.

बैठक में शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया. मेयर इन काउंसिल ने शहर में नई सफाई व्यवस्था लागू करने और नए ठेकेदारों का चयन करने के लिए टेंडर जारी करने की स्वीकृति प्रदान की. महापौर ने बताया कि आगामी 1 अप्रैल से शहर की सफाई व्यवस्था नए सिरे से लागू की जाएगी, जिससे स्वच्छता व्यवस्था में व्यापक सुधार देखने को मिलेगा. उन्होंने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाना है.

शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए भी बैठक में अहम निर्णय लिया गया. पहले से चिन्हित 64 पार्किंग स्थलों को संचालित करने के लिए टेंडर जारी करने की मंजूरी दी गई. महापौर ने कहा कि इन पार्किंग स्थलों के विकसित होने से शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा और अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या से राहत मिलेगी. उन्होंने इसे शहर की यातायात व्यवस्था में मील का पत्थर साबित होने वाला कदम बताया.

बैठक में नगर निगम के पेंशनर्स के लिए भी राहत भरा निर्णय लिया गया. शासन के निर्देशानुसार पेंशनर्स को दिए जाने वाले महंगाई भत्ते को 53 प्रतिशत से बढ़ाकर 55 प्रतिशत करने की स्वीकृति प्रदान की गई. इस निर्णय से नगर निगम के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है.

इसके अलावा बैठक में शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों के नामकरण से जुड़े प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई. निर्णय के अनुसार बिरसा मुण्डा तिराहे से महाराजपुर तक की सड़क का नामकरण पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी के नाम पर किया जाएगा. वहीं पुरानी श्याम टॉकीज से शहीद स्मारक तक के मुख्य मार्ग का नामकरण मुनि श्री 108 प्रमाण सागर जी महाराज के नाम पर किया जाएगा.

सिविल लाइन क्षेत्र में इलाहाबाद बैंक चौक से साईं मंदिर तक के मार्ग का नाम वरिष्ठ पत्रकार काशीनाथ शर्मा के नाम पर रखा जाएगा. भगवान चित्रगुप्त तिराहे से नागरथ चौक तक के मार्ग का नामकरण जस्टिस राज कृष्ण तन्खा के नाम से किया जाएगा. इसके अलावा बीटी तिराहे का नाम बदलकर लघु काशी तिराहा रखने का प्रस्ताव भी स्वीकृत किया गया.

महापौर ने बताया कि मेयर इन काउंसिल ने लीज नवीनीकरण से जुड़े प्रकरणों सहित शहर के विकास को गति देने वाले कई अन्य प्रस्तावों को भी मंजूरी प्रदान की है. उन्होंने कहा कि नगर निगम शहर के समग्र विकास और नागरिकों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है.

बैठक में मेयर इन काउंसिल के सदस्य डॉ. सुभाष तिवारी, दामोदर सोनी, विवेकराम सोनकर, श्रीमती अंशुल राघवेंद्र यादव, श्रीमती रजनी कैलाश साहू सहित नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार, अपर आयुक्त अरविंद शाह, व्ही.एन. बाजपेयी, विभागीय अधिकारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे.

नगर निगम द्वारा लिए गए इन फैसलों को शहर के विकास, स्वच्छता व्यवस्था, यातायात सुधार और आवासीय सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है. उम्मीद की जा रही है कि इन योजनाओं के क्रियान्वयन से शहर के नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी और जबलपुर के विकास को नई गति मिलेगी.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-