प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दो दिवसीय मलेशिया यात्रा भारत और मलेशिया के द्विपक्षीय संबंधों के लिए ऐतिहासिक साबित हुई है. कुआलालंपुर में प्रधानमंत्री मोदी और मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम की मौजूदगी में दोनों देशों के बीच छह महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए. विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह यात्रा भारत-मलेशिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम है.
दोनों नेताओं के बीच हुई उच्चस्तरीय बैठक में आर्थिक, सांस्कृतिक और रणनीतिक सहयोग को नई ऊंचाइयों तक ले जाने पर सहमति बनी. परंपरागत सहयोग के साथ-साथ नई और उभरती तकनीकों में साझेदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया.
रक्षा, सेमीकंडक्टर और श्रमिक सुरक्षा पर सहमति
द्विपक्षीय वार्ता के दौरान व्यापार, निवेश, रक्षा और सुरक्षा जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई. इस दौरान सेमीकंडक्टर विकास, संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों में सहयोग, आपदा प्रबंधन और भ्रष्टाचार विरोधी प्रयासों को लेकर कई सहमति पत्रों (MoU) का आदान-प्रदान किया गया.
मलेशिया में कार्यरत भारतीय श्रमिकों की सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भी विशेष समझौते किए गए हैं. इसके अलावा, ऑडियो-विजुअल सह-निर्माण और व्यावसायिक शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति बनी, जिससे संस्थागत सहयोग को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी.
सांस्कृतिक कूटनीति को बढ़ावा, नया वाणिज्य दूतावास
सांस्कृतिक संबंधों को और गहरा करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री मोदी ने यूनिवर्सिटी मलाया में ‘थिरुवल्लुवर चेयर’ स्थापित करने की घोषणा की. इसके तहत थिरुवल्लुवर छात्रवृत्तियां भी शुरू की जाएंगी, जिससे महान तमिल दार्शनिक थिरुवल्लुवर की शिक्षाओं का वैश्विक प्रसार हो सके.
इसके साथ ही, भारत ने मलेशिया में एक नया वाणिज्य दूतावास खोलने का निर्णय लिया है, जिससे भारतीय समुदाय को बेहतर कांसुलर सेवाएं मिलेंगी और लोगों के बीच संपर्क और मजबूत होगा.
UPI, आयुर्वेद और पर्यावरण सहयोग पर फोकस
डिजिटल क्षेत्र में बड़ा कदम उठाते हुए एनपीसीआई इंटरनेशनल (NIPL) और मलेशिया की PayNet के बीच द्विपक्षीय डिजिटल भुगतान प्रणाली विकसित करने पर सहमति बनी है. इसके तहत भारत के यूपीआई को मलेशिया से जोड़ने की योजना है, जिससे पर्यटकों, छात्रों और व्यापारियों को तेज और किफायती भुगतान सुविधा मिलेगी.
स्वास्थ्य के क्षेत्र में आयुर्वेद को बढ़ावा देने के लिए यूनिवर्सिटी ऑफ साइबरजया और जामनगर स्थित ITRA के बीच समझौता हुआ है, जो शोध और शैक्षणिक सहयोग को नई दिशा देगा. वहीं, पर्यावरण संरक्षण की दिशा में मलेशिया ने ‘इंटरनेशनल बिग कैट अलायंस’ में शामिल होने की औपचारिक प्रक्रिया पूरी कर ली है.
यह यात्रा भारत-मलेशिया संबंधों में रणनीतिक विश्वास, तकनीकी सहयोग और सांस्कृतिक जुड़ाव को नई मजबूती देने वाली साबित हुई है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

