एमपी : गोसलपुर से बांदकपुर जा रही पिकअप को ट्रक ने जबेरा के पास मारी टक्कर, 15 श्रद्धालु घायल

एमपी : गोसलपुर से बांदकपुर जा रही पिकअप को ट्रक ने जबेरा के पास मारी टक्कर, 15 श्रद्धालु घायल

प्रेषित समय :14:21:36 PM / Mon, Feb 9th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर/दमोह. जबलपुर स्टेट हाईवे पर सोमवार 9 फरवरी की दोपहर एक सड़क हादसे में 15 श्रद्धालु घायल हो गए. जबेरा थाना क्षेत्र के फाल्को नाला मंदिर के सामने बांदकपुर जा रही श्रद्धालुओं से भरी पिकअप को एक ट्रक ने टक्कर मार दी. सूचना मिलते ही जबेरा थाना प्रभारी विकास चौहान मौके पर पहुंचे और घायलों को कटंगी स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया.

जानकारी के अनुसार, जबलपुर जिले के गोसलपुर से दहिया परिवार के लगभग 20 लोग पिकअप वाहन से जागेश्वरधाम बांदकपुर दर्शन के लिए जा रहे थे. यह हादसा दमोह-जबलपुर हाईवे पर सिगरामपुर के पास हुआ. दमोह से जबलपुर चावल लेकर जा रहे एक ट्रक ने पीछे से पिकअप वाहन को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप आगे जाकर ट्रक में घुस गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.

हादसे की सूचना मिलते ही जबेरा थाना प्रभारी विकास सिंह चौहान और सिग्रामपुर चौकी प्रभारी गणेश दुबे पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने 108 एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से घायलों को पिकअप से बाहर निकाला और कटंगी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है.

आधे घंटे लगा रहा जाम

इस घटना के कारण दमोह-जबलपुर स्टेट हाईवे पर आधे घंटे तक जाम लगा रहा, जिससे यातायात बाधित हुआ. पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर मार्ग को वन-वे किया और यातायात को सुचारू कराया.

ट्रक के ब्रेक फेल हुए थे

जबेरा थाना प्रभारी विकास सिंह चौहान ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रक के ब्रेक फेल हो गए थे, जिसके कारण वह आगे चल रही पिकअप से टकरा गया. इस हादसे में करीब 15 लोग घायल हुए हैं, जो सभी बांदकपुर दर्शन के लिए जा रहे थे.

ये लोग हुए घायल

इस हादसे में घायल हुए लोगों में बारेलाल दा, वंदना दा, दयाराम दाहिया, संध्या, सुशीला, ओम दहिया, प्रदीप दहिया, महिमा, रेखा, कार्तिक, नंदिनी, खुशी, राधिका, कन्हैया, वेद और अन्य लोग शामिल हैं. जिन्हें तत्काल ही जबलपुर जिले के कटंगी स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए भिजवाया गया है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-