पमरे इंटर डिविजनल डांस प्रतियोगिता का रंगारंग आयोजन, जबलपुर को मिला प्रथम स्थान

पमरे इंटर डिविजनल डांस प्रतियोगिता का रंगारंग आयोजन, जबलपुर को मिला प्रथम स्थान

प्रेषित समय :20:34:54 PM / Mon, Feb 9th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. पश्चिम मध्य रेल द्वारा 09 फरवरी सोमवार को इंटर डिविजनल डांस प्रतियोगिता 2026 का भव्य, रंगारंग एवं उल्लासपूर्ण आयोजन महाप्रबंधक श्रीमती शोभना बंदोपाध्याय की मुख्य आतिथ्य में रेल सौरभ अधिकारी क्लब में संपन्न हुआ. इस प्रतियोगिता में जबलपुर रेल मंडल ने प्रथम स्थान अर्जित किया.

इस अवसर पर विभिन्न मंडलों से आए प्रतिभागियों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी कला, प्रतिभा एवं सांस्कृतिक विविधता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर महाप्रबंधक महोदया द्वारा आयोजन समिति, कार्मिक विभाग, मुख्यालय एवं जबलपुर मंडल को इस सफल, सुव्यवस्थित एवं प्रेरणादायी आयोजन हेतु हार्दिक बधाई एवं धन्यवाद ज्ञापित किया गया.
अपने उद्बोधन में श्रीमती शोभना बंदोपाध्याय ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन संगठन की रचनात्मक ऊर्जा, सकारात्मक सोच एवं आपसी समन्वय का सशक्त उदाहरण होते हैं. पश्चिम मध्य रेल केवल एक परिवहन प्रणाली नहीं, बल्कि एक जीवंत, संवेदनशील एवं मानवीय मूल्यों से युक्त संगठन है, जिसकी वास्तविक शक्ति उसके अधिकारी एवं कर्मचारी हैं. उन्होंने कहा कि नृत्य, संगीत, कला एवं नाट्य जैसी गतिविधियाँ व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास में सहायक होती हैं तथा कार्य और जीवन के बीच संतुलन स्थापित कर नई ऊर्जा का संचार करती हैं.
प्रतियोगिता में प्रस्तुत समूह नृत्यों में एकता, सहयोग एवं सौहार्द का सुंदर समन्वय देखने को मिला. सभी कलाकारों की आत्मविश्वासपूर्ण एवं समर्पित प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया तथा हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जुडऩे का प्रेरणादायी संदेश दिया. प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों को बधाई दी गई तथा प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को अखिल भारतीय अंतर रेल नृत्य प्रतियोगिता में पश्चिम मध्य रेल का प्रतिनिधित्व करने हेतु अग्रिम शुभकामनाएँ प्रदान की गईं.

परिणाम
एकल नृत्य प्रतियोगिता

- प्रथम स्थान- कुमारी सुकृति असरे (जबलपुर मंडल)
- द्वितीय स्थान- श्रीमती हिमिका मस्तकर (भोपाल मंडल)
- तृतीय स्थान- कुमारी प्रियुषा शर्मा (कोटा मंडल)

समूह नृत्य प्रतियोगिता

- प्रथम स्थान- जबलपुर मंडल
- द्वितीय स्थान- कोटा वर्कशॉप
- तृतीय स्थान- कोटा मंडल

इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक श्री प्रमोद कुमार खत्री, श्री एस. डी. पाटीदार, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी एवं अध्यक्ष, पश्चिम मध्य रेल सांस्कृतिक अकादमी, श्री राहुल श्रीवास्तव संयुक्त सचिव, सांस्कृतिक अकादमी, समस्त प्रमुख विभागाध्यक्ष, मंडल रेल प्रबंधक (जबलपुर मंडल) श्री कमल कुमार तलरेजा, महिला कल्याण संगठन की सदस्याएं, अधिकारीगण, कर्मचारीगण एवं उनके परिजन उपस्थित रहे.
कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति, जबलपुर मंडल, सभी इकाइयों एवं सहयोगी विभागों को इस सफल आयोजन हेतु हार्दिक बधाई दी गई तथा सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-