भारत-पाकिस्तान मैच, दिल्ली-मुम्बई से कोलम्बों की फ्लाइट 5 गुना महंगी हुई, होटल का किराया भी 1.13 लाख रुपए तक पहुंचा

भारत-पाकिस्तान मैच, दिल्ली-मुम्बई से कोलम्बों की फ्लाइट 5 गुना महंगी हुई, होटल का किराया भी 1.13 लाख रुपए तक पहुंचा

प्रेषित समय :18:15:40 PM / Tue, Feb 10th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

दिल्ली. भारत और पाकिस्तान के बीच टी.20 क्रिकेट वर्ल्ड कप 2026 का मैच 15 फरवरी को श्रीलंका के कोलंबो में शाम 7 बजे से खेला जाएगा. अगर आप इस मैच को देखने के लिए 14 और 15 फरवरी को फ्लाइट से कोलंबो जाना चाहते हैं, तो आपको 5 गुना तक किराया चुकाना पड़ेगा.

मेकमायट्रिप की वेबसाइट पर आज 14 व 15 फरवरी को दिल्ली-मुंबई से कोलंबो फ्लाइट का किराया एक पैसेंजर के लिए 1.45 लाख तक दिखा रहा है. आम दिनों में कोलंबो की डायरेक्ट फ्लाइट का किराया 30 हजार रुपए के आस-पास तक रहता है. वहीं कोलंबो में बड़े होटलों का किराया भी 1.14 लाख तक पहुंच गया है.

दिल्ली से कोलंबो फ्लाइट को 4 घंटे लगते हैं-

दिल्ली से कोलंबो जाने में डायरेक्ट फ्लाइट से करीब 4 घंटे लगते हैं. मैच से एक दिन पहले 14 फरवरी को एअर इंडिया की नॉनस्टॉप फ्लाइट का किराया 90 हजार से 1.09 लाख तक है. वहीं श्रीलंकन एयरलाइंस का किराया 65 हजार से 1.45 लाख तक दिखा रहा है. मैच के दिन रविवार 15 फरवरी को शाम 7 बजे से पहले एअर इंडिया की नॉनस्टॉप फ्लाइट का किराया 1.09 लाख है. वहीं श्रीलंकन एयरलाइंस का किराया 66 हजार दिखा रहा है.

मुंबई से कोलंबो फ्लाइट को 3 घंटे लगते हैं-

वहीं मुंबई से कोलंबो तक पहुंचने में डायरेक्ट फ्लाइट को करीब 3 घंटे लगते हैं. 14 फरवरी को एअर इंडिया की नॉनस्टॉप फ्लाइट का किराया 90 हजार तक है. वहीं श्रीलंकन एयरलाइंस का किराया 56 हजार तक दिखा रहा है. 15 फरवरी को शाम 7 बजे से पहले एअर इंडिया की नॉनस्टॉप फ्लाइट का किराया 28 हजार है. वहीं श्रीलंकन एयरलाइंस का किराया 66 हजार दिखा रहा है.

होटल का किराया 1.14 लाख तक पहुंचा-

वहीं 14 फरवरी और 15 फरवरी को कोलंबो में 3 स्टार, 4 स्टार या 5 स्टार जैसे बड़े होटलों में 2 लोगों के लिए रूम बुक करते हैं तो एक नाइट का किराया 1.14 लाख तक है. आम दिनों में कोलंबो में बड़े होटलों का किराया 40 हजार तक रहता है. हालांकि छोटे होटलों व गेस्ट हाउस में 2 से 3 हजार रुपए तक में भी रूम मिल जाएगा.

श्रीलंका की टूरिज्म इंडस्ट्री को सपोर्ट मिलेगा-

श्रीलंका की टूरिज्म इंडस्ट्री इस समय संकट से गुजर रही है. श्रीलंका के सेंट्रल बैंक की एक रिपोर्ट के मुताबिक श्रीलंका में पर्यटकों की बढ़ती संख्या के बाद भी कमाई में कमी आई है. रिपोर्ट में बताया गया है कि जनवरी 2026 में श्रीलंका आने वाले पर्यटकों से होने वाली कमाई में सालाना आधार पर करीब 5.6 प्रतिशत की गिरावट आई है.
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-