जबलपुर में ट्रक चालक पर हमला कर लूट, हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम

जबलपुर में ट्रक चालक पर हमला कर लूट, हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम

प्रेषित समय :18:19:05 PM / Tue, Feb 10th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में मझौली स्थित पीपल देवरी में देर रात हथियारबंद बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया. बदमाशों ने न केवल ट्रक को लूटा, बल्कि चालक की बेरहमी से पीटा और चेहरे पर कपड़ा डालकर अपहरण कर लिया. इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त है.

बताया गया है कि ट्रक चालक दमोह से चना लोड कर बालाघाट जाने निकला, रात करीब एक बजे जब वह सुनसान इलाके में पहुंचा, तो पहले से घात लगाए आधा दर्जन बदमाशों ने उसे रोक लिया. हथियारों के बल पर बदमाशों ने ट्रक में रखी नकदी और अन्य कीमती सामान लूट लिया और फिर चालक को अगवा कर अपने साथ ले गए. खबर मिलते ही मझौली थाना पुलिस पहुंच गई और नाकाबंदी कर संभावित रास्तों पर तलाशी अभियान शुरू किया.

कुछ समय बाद पुलिस को सफलता मिली और अगवा किया गया चालक व ट्रक शहपुरा के पास बरामद कर लिए गए.  इस वारदात ने ट्रक चालकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. लगातार हो रही लूट और अपहरण की घटनाओं से ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़े लोगों में भारी आक्रोश और भय है. स्थानीय निवासियों और व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक पुख्ता करने की मांग की है. फिलहाल, पुलिस बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए आसपास के क्षेत्रों में सघन सर्च ऑपरेशन चला रही है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-