जबलपुर. एमपी के जबलपुर में मदनमहल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 के बाहर आज एक अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई. शव मिलने की सूचना मिलते ही मदनमहल पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है.
पुलिस के अनुसार मदनमहल प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर पदस्थ सफाई कर्मचारी राकेश कुडाला निवासी धनवंतरी नगर ने पुलिस को सूचना दी कि स्टेशन के बाहर एक युवक मृत अवस्था में पड़ा है. मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष के आसपास बताई जा रही है. मौके पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल अस्पताल भेज दिया.
युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसकी पहचान क्या है, इसका पता नहीं चल सका है. पुलिस आसपास के क्षेत्रों में युवक की शिनाख्त के प्रयास कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगाए जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

