निगमायुक्त ने सुबह सड़कों पर निकले, परखी जबलपुर शहर सफाई की जमीनी हकीकत, दिये निर्देश

निगमायुक्त ने सुबह सड़कों पर निकले, परखी जबलपुर शहर सफाई की जमीनी हकीकत, दिये निर्देश

प्रेषित समय :10:29:08 AM / Tue, Feb 10th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. स्वच्छ सर्वेक्षण में जबलपुर शहर को शीर्ष स्थान पर लाने के लिए नगर निगम ने अपनी कवायद तेज कर दी है। इसी सिलसिले में निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने आज सुबह 7 बजे से शहर के विभिन्न क्षेत्रों का सघन निरीक्षण किया.

उन्होंने भानतलैया, सिंधी कैंप, मदार टेकरी, मंडी, बहोराबाग और रद्दी चौकी जैसे इलाकों में सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने न केवल अमले को कड़े निर्देश दिए, बल्कि स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उन्हें स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का अनुरोध भी किया।

सार्वजनिक शौचालयों का लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त का विशेष ध्यान सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति पर रहा। उन्होंने शौचालयों के भीतर सफाई, पानी की पर्याप्त उपलब्धता और अन्य सुविधाओं की बारीकी से जांच की। निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि शहर की रैंकिंग सुधारने में सार्वजनिक सुविधाओं का रखरखाव एक महत्वपूर्ण कड़ी है, इसलिए इनमें किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए।

गंदगी फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

निगमायुक्त ने सड़क किनारे मलबा फेंकने और कचरा फैलाने वालों के खिलाफ सख्त रवैया अपनाते हुए स्वास्थ्य विभाग को तत्काल जुर्माने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि सफाई कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान अपर आयुक्त, स्वास्थ्य अधिकारी और अन्य संभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-