जबलपुर. एमपी के जबलपुर स्थित सरकारी कुआं घमापुर में आज उस वक्त हड़कम्प मच गया. जब ज्यादा किराया लेने की बात पर गुस्साई महिला ने आटो से उतरते ही चालक पर चाकू से हमला कर दिया. इतना ही नहीं महिला के पति ने भी आटो चालक को बुरी तरह पीटा. आटो चालक पर हमला होते देख आसपास सेे गुजर रहे लोग रुक गए. जिनकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने आटो चालक को अस्पताल पहुंचाते हुए दम्पति को हिरासत में ले लिया है.
बताया गया है कि आटो चालक अनुज चौधरी गोपाल होटल लालमाटी में सवारी छोड़कर शहर आने के लिए निकला. जब वह झामनदास चौराहा पर पहुंचा तो दम्पति ने रोका और हाईकोर्ट चलने के लिए कहा. जिसपर आटो चालक ने दो सवारियों के 40 रुपए मांगे, जिसपर दम्पति ने 30 रुपए देने के लिए कहा तो आटो चालक अनुज राजी हो गया और दोनों को आटो में बिठा लिया. शीतलामाई मंदिर के पास पहुंचने पर आटो चालक को एक सवारी और खड़ी थी, उसे भी आटो चालक ने बिठाया और हनुमानताल तक जाने के 40 रुपए किराया मांगा, इस बात को सुनकर दम्पति से आटो चालक से विवाद करना शुरु कर दिया कि सभी सवारियों से ज्यादा रुपया ले रहे हो.
विवाद इतना बढ़ा कि चालक ने मौके पर ही ऑटो खड़ा करते हुए कहा कि आप लोगों को चलना है तो चलो नहीं तो ऑटो से उतर जाओ. इतना सुनते ही महिला भड़क गई और चालक के बाल पकड़कर पीटना शुरू कर दिया. इस बीच महिला नंदनी चौधरी के पति ने भी मारना शुरू कर दिया. यहां तक कि महिला नंदनी ने बैग से चाकू निकालकर चालक अनुज चौधरी के पेट में हमला कर दिया. आटो चालक पर हमला होते देख क्षेत्र में हड़कम्प मच गया, देखते ही देखते लोगों की भीड़ एकत्र हो गई. जिनकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल आटो चालक को जिला अस्पताल पहुंचाया. वहीं दम्पति को कुछ ही देर में पकड़ लिया.
घायल के परिजनों ने दम्पति के साथ की मारपीट-
खबर है कि अनुज पर हमला करने वाले आरोपी बेलबाग थाना पुलिस में है, यह जानकारी लगते ही घायल के परिवार वाले थाने पहुंच गए और पति.पत्नी के साथ मारपीट करना शुरू कर दिया. जिन्हें कि पुलिस ने मुश्किल से रोका. घायल की बहन का कहना है कि दिनदहाड़े महिला ने अपने पति के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया है.

