जबलपुर के रांझी में हुए आकाश हत्याकांड के 4 आरोपी गिरफ्तार, दो फरार, कार-बाइक की टक्कर को लेकर हुआ था विवाद

जबलपुर के रांझी में हुए आकाश हत्याकांड के 4 आरोपी गिरफ्तार, दो फरार, कार-बाइक की टक्कर को लेकर हुआ था विवाद

प्रेषित समय :18:12:28 PM / Thu, Feb 12th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर स्थित गोकलपुर रांझी में हुए आकांश हत्याकांड के चार आरोपियों को रांझी पुलिस ने आज गिरफ्तार किया. हालांकि वे दो आरोपी जिन्होंने मृतक के सीने और पैर में चाकू मारकर उसे मौत के घाट उतारा था. अभी भी फरार हैं. पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है.

इस संबंध में टीआई उमेश गोल्हानी ने बताया कि 8 फरवरी की रात करीब 11 बजे अधारताल निवासी फर्नीचर व्यवसायी आकांश 8 फरवरी की रात दोस्तों से मिलने के लिए गोकलपुर आया था. दुर्गा मंदिर के पास जब वह अपनी कार मोड़ रहा था. इस दौरान रांझी से शहर की तरफ जा रहा बाइक सवार शिवम उससे टकरा गया. घटना के बाद आकांश कार से उतरा. इस बीच उसके कुछ साथी भी आ गए, जिन्होंने शराब के नशे में धुत शिवम की जमकर पिटाई कर दी.

जैसे-तैसे शिवम घटनास्थल से दूर हुआ और फिर उसने अपने दो साथियों को मौके पर बुलाया. पीछे-पीछे पांच और साथी भी आ गए. इन सभी ने आकांश को घेर लिया. इसके बाद छोटू और कमलेश ने ताबड़तोड़ चाकू मारकर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए. रांझी पुलिस ने आज इन्हें जीरो डिग्री के पास से गिरफ्तार किया. ये सभी आरोपी शहर छोड़कर भागने की फिराक में थे. वारदात के बाद से वे सुनसान मकान में छिपे हुए थे. पुलिस ने शिवम के साथ सुधीर चौधरी को अमखेरा, अंकित चौरसिया को घमापुर और सुमित चौधरी को विजय नगर से अभिरक्षा में लेकर थाने लाकर पूछताछ की.

क्रेटा कार से एक्सीडेंट के बाद शुरू हुआ विवाद- शिवम ने बताया कि 8 फरवरी को रात 11 बजे गोकलपुर में काले रंग की क्रेटा कार से एक्सीडेंट होने पर कार चालक आकांश साहू से विवाद हुआ. इसके बाद उसने फोन कर अपने साथी सुधीर चौधरी, अंकित चौरसिया, कमलेश महोबिया, सुमित चौधरी, जय बेन, छोटू ठाकुर व एक अन्य साथी को गोकलपुर बुलाया. सभी के साथ मिलकर कार चालक के साथ मारपीट की. कमलेश महोबिया और छोटू ठाकुर ने कार चालक पर चाकुओं से हमला कर उसे गंभीर चोटें पहुंचाईं. उसके बाद सभी मोटरसाइकिलों पर बैठकर भाग गए.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-