जबलपुर.नगर निगम प्रशासन ने बकाया कर वसूली को लेकर अपना रुख बेहद सख्त कर लिया है. निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार के कड़े तेवरों के बाद निगम की टीम ने कछपुरा संभाग के अंतर्गत आने वाले एक बड़े गैस गोदाम पर तालाबंदी की बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. शहर के विकास कार्यों में बाधा बन रहे डिफॉल्टरों के खिलाफ अब निगम की यह मुहिम 'जीरो टॉलरेंस' की नीति पर आगे बढ़ रही है.
ताजा मामला कछपुरा संभाग के मदन महल वार्ड क्रमांक 15 का है, जहाँ बघेला कंपनी के गैस गोदाम पर लाखों रुपये का संपत्ति कर बकाया था. संभागीय अधिकारी दिनेश प्रताप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि संबंधित संपत्ति (पिन नंबर 1000495595, श्री दिलीप बघेल) पर कुल 2,59,445 रुपये की टैक्स राशि लंबे समय से लंबित थी. निगम द्वारा बार-बार नोटिस जारी करने और मौखिक चेतावनी देने के बावजूद जब करदाता ने राशि जमा करने में कोई रुचि नहीं दिखाई, तो निगम प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए मौके पर ही गोदाम को सील कर दिया.
राजस्व संग्रहण को लेकर निगमायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वसूली के मामले में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी. शहर की मूलभूत सुविधाओं और विकास योजनाओं को गति देने के लिए समय पर टैक्स मिलना अनिवार्य है. इसी क्रम में आज की गई यह कार्रवाई उन करदाताओं के लिए एक कड़ा संदेश है जो बार-बार सूचना मिलने के बाद भी अपने दायित्वों से बच रहे हैं.
कार्रवाई के दौरान निगमायुक्त ने शहर के समस्त व्यापारियों और करदाताओं से भावुक लेकिन सख्त अपील की है. उन्होंने कहा है कि किसी भी प्रकार की अप्रिय कानूनी कार्रवाई या तालाबंदी की स्थिति से बचने के लिए नागरिक स्वयं आगे आएं और अपना बकाया कर जमा कर नगर निगम प्रशासन को सहयोग प्रदान करें. नगर निगम ने साफ कर दिया है कि आने वाले दिनों में यह अभियान और भी तेज होगा और बड़े बकायेदारों की सूची तैयार कर उन पर इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

