भोपाल. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हेलीकॉप्टर लडख़ड़ाने से अफसरों की सांसें अटक गईं. घटना खंडवा जिले के पंधाना की है जहां सीएम मोहन यादव कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचे थे. शनिवार को आयोजित कार्यक्रम के बाद जब सीएम मोहन यादव वापसी के लिए हेलीकॉप्टर में सवार हुए, तो टेकऑफ के दौरान हेलीकॉप्टर लडख़ड़ा गया और करीब एक मिनट तक हवा में अस्थिर रहा. हालांकि फिर हेलीकॉप्टर का बैलेंस ठीक हुआ और वो आसमान में उड़ गया.
शनिवार को सीएम मोहन यादव खंडवा के पंधाना में आयोजित लाडली बहना कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे. कार्यक्रम के दौरान उन्होंने लाडली बहनों के खातों में फरवरी महीने की किस्त ट्रांसफर की. कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सीएम मोहन यादव हेलीपैड पर पहुंचे और वापसी के लिए हेलीकॉप्टर में सवार हो गए. लेकिन टेक ऑफ करते वक्त हेलीकॉप्टर लडख़ड़ा गया जिससे सभी की सांसें अटक गईं. जो वीडियो सामने आया है उसमें दिख रहा है कि टेक ऑफ करते वक्त हेलीकॉप्टर लडख़ड़ा रहा है वो जमीन से करीब 15-20 फीट ऊपर जाकर पीछे होते हुए नीचे की ओर आ रहा है.
उड़ान भरती ही सभी ने ली राहत की सांस
हवा में सीएम का हेलीकॉप्टर लडख़ड़ाते ही वहां मौजूद लोगों और अफसरों की सांसें अटक गईं. हर कोई हैरान हो गया और जब थोड़ी देर बाद हेलीकॉप्टर संभला और हवा में अच्छे से उड़ान भरी तो सभी ने राहत की सांस ली. इससे पहले सीएम ने पंधाना में राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश के 1.27 करोड़ लाड़ली बहनों के खाते में सिंगल क्लिक से 1836 करोड़ रुपए की राशि ट्रांसफर की.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

