एमपी के रीवा में मोबाइल की बैटरी में ब्लास्ट, दो भाई घायल, बड़े बेटे की उंगलियां उड़ीं, जबलपुर रेफर

एमपी के रीवा में मोबाइल की बैटरी में ब्लास्ट, दो भाई घायल, बड़े बेटे की उंगलियां उड़ीं, जबलपुर रेफर

प्रेषित समय :15:43:11 PM / Sat, Feb 21st, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

रीवा. एमपी के रीवा जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र में मोबाइल की पुरानी बैटरी ब्लास्ट होने से दो मासूम भाई घायल हो गए. पढ़ाई के दौरान हुए इस धमाके ने पूरे गांव को दहला दिया, बड़े बेटे की उंगलियां उड़ गईं और सर्जरी की नौबत आ गई. हादसे के समय दोनों भाई घर के कमरे में बैठकर पढ़ाई कर रहे थे. बड़े बेटे के हाथ की उंगलियों की सर्जरी करने के लिये जबलपुर रेफर किया गया है.

धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग भी घबरा गए. विस्फोट में बड़े बेटे का अंगूठा और चार उंगलियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि छोटा बेटा भी घायल हुआ. घटना के बाद दोनों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया.

ब्लास्ट से मचा हड़कंप

ग्राम मझिगवां निवासी विकास कुशवाहा के घर यह हादसा हुआ. जानकारी के मुताबिक, मोबाइल की पुरानी बैटरी को निकालकर कमरे में रख दिया गया था. उसी दौरान अचानक बैटरी में धमाका हो गया. ब्लास्ट इतना तेज था कि कमरे की खिड़कियां तक हिल गईं. आसपास के लोगों ने धमाके की आवाज सुनी और तुरंत घर की ओर दौड़े. परिजनों ने देखा कि बड़े बेटे आलोक कुशवाह के हाथ का अंगूठा और चार उंगलियां पूरी तरह उड़ चुकी थीं. छोटा बेटा अनुज कुमार भी धमाके से घायल हो गया. इस घटना ने पूरे सेमरिया क्षेत्र में दहशत फैला दी. लोग हैरान हैं कि एक पुरानी मोबाइल बैटरी ब्लास्ट इतनी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है.

पढ़ाई के दौरान हुआ धमाका

घटना शुक्रवार सुबह की बताई जा रही है. दोनों भाई अपने कमरे में बैठकर पढ़ाई कर रहे थे. उनका उसी दिन पेपर था. लेकिन मोबाइल बैटरी ब्लास्ट के कारण दोनों का पेपर छूट गया. बड़े बेटे आलोक की हालत गंभीर हो गई. हाथ से खून बहने लगा और दर्द असहनीय था. परिवार वाले तुरंत बच्चों को अस्पताल लेकर पहुंचे. पहले उन्हें संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद आलोक की गंभीर स्थिति देखते हुए उसे जबलपुर रेफर कर दिया. बताया जा रहा है कि वहां उसकी सर्जरी की जाएगी. वहीं छोटे बेटे अनुज की हालत अब सामान्य है और इलाज के बाद उसे घर भेज दिया गया है. मोबाइल बैटरी ब्लास्ट की इस घटना ने परीक्षा की तैयारी कर रहे इन दोनों भाइयों का भविष्य अचानक संकट में डाल दिया.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-