मुंबई. साल 2024 में अल्लू अर्जुन की फिल्म पुष्पा 2 ने रिलीज के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर कोहराम मचा दिया था. फिल्म ने भारत समेत वैश्विक स्तर पर कमाई के सारे रिकॉर्ड तोड़ डाले. अब फिल्म दक्षिण सिनेमा के 70वें फिल्मफेयर पुरस्कार में भी छा चुकी है. अभिनेता और उनकी फिल्म ने एक नहीं, बल्कि कई अवॉर्ड्स अपने नाम किए हैं. तो चलिए जानते हैं कि तकरीबन 500 करोड़ के बजट में बनी फिल्म की झोली में कितने अवॉर्ड आए हैं.
अल्लू अर्जुन की पुष्पा 2 ने दक्षिण सिनेमा के 70वें फिल्मफेयर पुरस्कार समारोह में सबसे ज्यादा अवॉर्ड अपने नाम किए हैं. तेलुगु भाषा की बेस्ट फिल्म का अवॉर्ड पुष्पा 2 को मिला है. सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का अवॉर्ड पुष्पा 2 के निर्देशक सुकुमार ने अपने नाम किया. इसके साथ बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड अल्लू अर्जुन को फिल्म पुष्पा 2 के लिए ही मिला है. फिल्म में अभिनेता की एक्टिंग लोगों के सिर चढ़कर बोली थी और कमाई के आंकड़ों से साफ है कि पुष्पा 2, का रिकॉर्ड तोड़ पाना हर किसी के बस की बात नहीं है.
इसके अलावा, सर्वश्रेष्ठ संगीत एल्बम का अवॉर्ड पुष्पा 2 के लिए ही देवी श्री प्रसाद को मिला है. बेस्ट प्रोडक्शन डिजाइन का खिताब भी फिल्म पुष्पा-2 के लिए सेट डिजाइनर रामकृष्ण और मोनिका को मिला है. कुल मिलाकर फिल्म के खाते में 5 अवॉर्ड आए हैं. 70वें फिल्मफेयर पुरस्कार में किसी दूसरी फिल्म को अलग-अलग कैटेगरी में इतने अवॉर्ड्स नहीं मिले हैं.
साल 2024 में रिलीज हुई अल्लू अर्जुन की फिल्म पुष्पा-2 ने बॉक्स ऑफिस पर बंपर कमाई की. फिल्म ने वैश्विक स्तर पर 1800 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया, जबकि भारत में फिल्म सभी भाषाओं में लगभग 1400 करोड़ कमा चुकी है. इसमें हिंदी बेल्ट का बड़ा योगदान रहा था. फिल्म ने पहले ही दिन आरआरआर और केजीएफ को भी कमाई में पीछे छोड़ दिया था.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

