सामूहिक दुष्कर्म के बाद युवती की उंगलियां काट सड़क किनारे फेंकी लाश, प्रजापति समाज ने घेरा एस पी कार्यालय

सामूहिक दुष्कर्म के बाद युवती की उंगलियां काट सड़क किनारे फेंकी लाश, प्रजापति समाज ने घेरा एस पी कार्यालय

प्रेषित समय :20:16:55 PM / Tue, Feb 24th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

 जबलपुर. तिलवारा थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ युवती तनु चक्रवर्ती की सामूहिक दुष्कर्म के बाद बेरहमी से हत्या कर दी गई और साक्ष्य मिटाने की नीयत से उसकी उंगलियां काटकर लाश को सड़क किनारे फेंक दिया गया. इस जघन्य हत्याकांड को लेकर आज जबलपुर में भारी तनाव देखा गया, जहां आक्रोशित प्रजापति समाज के सैकड़ों लोगों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया.

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं और मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है. परिजनों ने स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि जब वे युवती की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे थे, तब पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाने के बजाय मामले को टालने का प्रयास किया.

एसपी कार्यालय के बाहर नारेबाजी करते हुए समाज के लोगों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही दरिंदों को सलाखों के पीछे नहीं भेजा गया, तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे. फिलहाल पुलिस के आला अधिकारियों ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है, लेकिन पूरे इलाके में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश व्याप्त है.  

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-