फिल्मकार अनुभव सिन्हा इन दिनों अपनी हालिया रिलीज फिल्म ‘अस्सी’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म की शुरुआत कुछ बेहद ग्राफिक और असहज कर देने वाले यौन उत्पीड़न के दृश्यों से होती है, जिन्हें लेकर दर्शकों और समीक्षकों के बीच गहन बहस छिड़ी हुई है। अब खुद निर्देशक ने इन दृश्यों को पर्दे पर उतारने के अनुभव को साझा करते हुए स्वीकार किया है कि यह उनके लिए भावनात्मक और मानसिक रूप से बेहद चुनौतीपूर्ण प्रक्रिया थी। उन्होंने कहा कि उन दृश्यों को लिखने के बाद उन्हें खुद से घृणा होने लगी थी।
एक बातचीत में अनुभव सिन्हा ने बताया कि जब उन्होंने फिल्म के शुरुआती हिस्से को लिखा, तब उन्हें खुद नहीं पता था कि वह किस दिशा में जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह सांझ के समय लिखना शुरू किया और लगातार दो घंटे तक लिखते रहे। जब वह उठे तो रात हो चुकी थी। उस समय उन्हें भीतर से झटका लगा। उनके शब्दों में, “मुझे खुद से घिन आने लगी थी।” उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने वह हिस्सा अपने सह-लेखक गौरव सोलंकी को मेल किया, इस उम्मीद में कि शायद वह इसे खारिज कर देंगे। लेकिन गौरव ने इसे सराहा और वहीं से उस दृश्य का विकास आगे बढ़ा।
अनुभव ने यह भी कहा कि उन दृश्यों को उन्होंने डिजाइन नहीं किया था, बल्कि वे सहज रूप से सामने आए। हालांकि, उन्होंने स्वीकार किया कि उन्हें कहानी के उस अंधेरे हिस्से तक पहुंचने के लिए अपने भीतर की गहराइयों में उतरना पड़ा। फिल्म का एक खास शॉट, जिसमें कैमरा कार के नीचे से दृश्य को कैद करता है, उनके अनुसार “बुराई की गहरी परतों” से निकला है। उन्होंने साफ कहा कि वह उस शॉट से नफरत करते हैं, लेकिन कहानी की दृष्टि से वह अपना काम करता है और दर्शकों को झकझोरने में सफल रहता है।
फिल्म में अभिनेत्री कनी कुसरुति ने रेप सर्वाइवर का किरदार निभाया है। जब अनुभव से पूछा गया कि उन्होंने इस भूमिका के लिए कनी को कैसे चुना, तो उन्होंने दिलचस्प खुलासा किया। उन्होंने बताया कि उन्होंने कनी को पहली बार फिल्म ‘ऑल वी इमैजिन ऐज़ लाइट’ में देखा था और उनके अभिनय से प्रभावित हुए थे। हालांकि, उन्होंने सीधे तौर पर उन्हें इस भूमिका के लिए नहीं सोचा था। कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने कनी का नाम सुझाया। अनुभव ने कहा कि यही वजह है कि कास्टिंग डायरेक्टर इतने महत्वपूर्ण होते हैं। उनके मुताबिक, कनी इस भूमिका में शानदार हैं।
‘अस्सी’ में तापसी पन्नू एक वकील की भूमिका में नजर आती हैं, जो पीड़िता के लिए न्याय की लड़ाई लड़ती है। फिल्म की कहानी दिल्ली की एक विवाहित महिला पर केंद्रित है, जिसका अपहरण कर उसके साथ सामूहिक यौन उत्पीड़न किया जाता है। इसके बाद फिल्म पुलिस जांच, सामाजिक दबाव और लंबी कानूनी प्रक्रिया के इर्द-गिर्द घूमती है। कहानी सिर्फ अपराध तक सीमित नहीं रहती, बल्कि उसके बाद पीड़िता को झेलनी पड़ने वाली मानसिक, सामाजिक और कानूनी चुनौतियों को भी गहराई से दिखाती है।
फिल्म में मोहम्मद जीशान अय्यूब, मनोज पाहवा, सीमा पाहवा, कुमुद मिश्रा और रेवती जैसे अनुभवी कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं। वहीं नसीरुद्दीन शाह और सुप्रिया पाठक विशेष उपस्थिति में दिखाई देते हैं। यह फिल्म टी-सीरीज और अनुभव सिन्हा की बेनारस मीडिया वर्क्स के बैनर तले बनी है।
गौरतलब है कि ‘अस्सी’ तापसी पन्नू और अनुभव सिन्हा की तीसरी साझेदारी है। इससे पहले दोनों ‘मुल्क’ और ‘थप्पड़’ जैसी सामाजिक मुद्दों पर आधारित फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं। ‘अस्सी’ भी उसी परंपरा को आगे बढ़ाती है, जहां मनोरंजन के साथ-साथ समाज के संवेदनशील मुद्दों को गंभीरता से उठाया गया है। अनुभव का कहना है कि अगर दर्शक उन शुरुआती दृश्यों से असहज महसूस करते हैं, तो शायद फिल्म अपना उद्देश्य पूरा कर रही है, क्योंकि उनका मकसद हिंसा की भयावहता को बिना किसी मुलम्मे के दिखाना था।
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

