इस्लामाबाद में तालिबान ने सैन्य ठिकानों पर किया हवाई हमला, पाकिस्तान-अफगानिस्तान में टकराव बढ़ा

इस्लामाबाद में तालिबान ने सैन्य ठिकानों पर किया हवाई हमला, पाकिस्तान-अफगानिस्तान में टकराव बढ़ा

प्रेषित समय :15:46:46 PM / Fri, Feb 27th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

इस्लामाबाद/काबुल. पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच हालात गंभीर हो गये हैं. अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि उसने पाकिस्तान के भीतर कई सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले किए हैं. मंत्रालय के बयान के मुताबिक, ये हमले स्थानीय समयानुसार करीब 11 बजे किए गए और इनमें इस्लामाबाद के पास फैजाबाद, नौशहरा, जमरूद और एबटाबाद के आसपास स्थित सैन्य अड्डों को निशाना बनाया गया.

अफगान रक्षा मंत्रालय ने कहा कि यह कार्रवाई पाकिस्तान की ओर से काबुल, कंधार और पक्तिया में किए गए हवाई हमलों के जवाब में की गई है. बयान में दावा किया गया कि महत्वपूर्ण सैन्य ठिकानों और सुविधाओं को निशाना बनाया गया और ऑपरेशन सफल रहा. हालांकि पाकिस्तान की ओर से इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की गई है.

पाकिस्तान ने किया था हमला

पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक, इस्लामाबाद ने अफगान तालिबान के खिलाफ ऑपरेशन गजाब लिल-हक शुरू किया है. पाकिस्तान का आरोप है कि खैबर पख्तूनख्वा के चित्राल, खैबर, मोहमंद, कुर्रम और बाजौर सेक्टर में अफगान पक्ष ने बिना उकसावे के फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई की गई. दोनों देशों की सेनाओं के बीच सीमा पर कई इलाकों में झड़पों की खबरें हैं. हाल के महीनों में भी सीमा पार हमलों और सीजफायर उल्लंघन की घटनाएं सामने आती रही हैं, जिससे रिश्ते लगातार बिगड़ते गए हैं.

सुलह के लिए आगे आया ईरान

तनाव के बीच ईरान ने मध्यस्थता की पहल की है. ईरान के विदेश मंत्री सैय्यद अब्बास अराघची ने रमजान के महीने का हवाला देते हुए दोनों देशों से बातचीत के जरिए विवाद सुलझाने की अपील की है. उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान और पाकिस्तान को अच्छे पड़ोसी की तरह अपने मतभेद दूर करने चाहिए और ईरान बातचीत को आसान बनाने के लिए हर संभव मदद देने को तैयार है.

संयुक्त राष्ट्र ने जताई चिंता

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने भी सीमा पार झड़पों पर चिंता जताई है. उनके प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने कहा कि महासचिव हालात पर नजर रखे हुए हैं और दोनों देशों से अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील कर रहे हैं. पाकिस्तान लंबे समय से अफगानिस्तान पर आरोप लगाता रहा है कि उसकी जमीन से पाकिस्तान विरोधी आतंकी संगठन सक्रिय हैं. वहीं अफगान पक्ष पाकिस्तान पर अपनी संप्रभुता का उल्लंघन करने और सीमा पार हमलों का आरोप लगाता है.
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-