राजस्थान में भीषण सड़क हादसा, ट्रेलर से टकराई यात्रियों से भरी बस, 6 की मौत, कई गंभीर

राजस्थान में भीषण सड़क हादसा, ट्रेलर से टकराई यात्रियों से भरी बस, 6 की मौत, कई गंभीर

प्रेषित समय :11:28:34 AM / Sat, Feb 28th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

नई दिल्ली. राजस्थान के बालोतरा जिले के सरवड़ी गांव के पास नेशनल हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रेलर से जा टकराई, जिससे मौके पर ही छह यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर हाईवे पर आगे चल रहा था और बस पीछे से आ रही थी. अचानक बस अनियंत्रित होकर ट्रेलर से भिड़ गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और हाईवे पर अफरातफरी का माहौल बन गया. राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. कड़ी मशक्कत के बाद बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया. पुलिस को बस के भीतर से छह शव बरामद हुए, जिन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.

घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कई की हालत नाजुक बताई जा रही है. हादसे के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे बाद में यातायात पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया. प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-